पटना , मार्च 19 -- पटना के जिलाधिकारी(डीएम) डॉ. त्यागराजन एस.एम. एवं वरीय पुलिस अधीक्षक(एसएसपी) कार्तिकेय के. शर्मा ने गुरुवार को कहा है कि ईद के अवसर पर सुचारू विधि-व्यवस्था संचालन प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसके नियंत्रण के लिए 442 स्थानों पर दण्डाधिकारियों एवं पुलिस पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई है।
जिलाधिकारी ने बताया कि सभी सम्बद्ध पदाधिकारी ईद के सुव्यवस्थित आयोजन के लिए सजग, तत्पर एवं प्रतिबद्ध रहेंगे। उन्होंने कहा कि सभी अंचल, अनुमंडल एवं जिले के पदाधिकारी अपने-अपने क्षेत्रांतर्गत कर्तव्य के प्रति मुस्तैद रहेंगे तथा उत्कृष्ट भीड़-प्रबंधन, अचूक सुरक्षा व्यवस्था तथा सुदृढ़ विधि-व्यवस्था संचालन सुनिश्चित करेंगे। उन्होंने कहा कि सभी प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारी संयुक्त जिलादेश में वर्णित निर्देशों का अक्षरशः अनुपालन करेंगे।
डीएम और एसएसपी ने कहा कि सभी प्रशासनिक तैयारियाँ पूरी कर ली गयी हैं। सार्वजनिक स्थानों पर भीड़-नियंत्रण तथा विधि-व्यवस्था संधारण के मानकों एवं आवश्यकता को ध्यान में रखते हुए महत्वपूर्ण स्थानों पर दण्डाधिकारियों एवं पुलिस पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई है। सभी अनुमण्डल पदाधिकारियों एवं अनुमण्डल पुलिस पदाधिकारियों को अपने स्तर से भी स्थानीय आवश्यकता का आकलन करते हुए दण्डाधिकारियों एवं पुलिस पदाधिकारियों को प्रतिनियुक्त करने के निर्देश दिए हैं। प्रतिनियुक्त दण्डाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में समय से पहुँच जाएंगे तथा कार्यक्रम की शांतिपूर्ण समाप्ति तक कर्तव्य पर मुस्तैद रहेंगे।
एसपी ने कहा कि असामाजिक तत्वों पर कड़ी निगरानी रखी जाएगी। अफवाह फैलानेवालों के विरूद्ध त्वरित एवं कड़ी कार्रवाई की जाएगी। यथेष्ट प्रशासनिक सतर्कता, निरोधात्मक एवं सुरक्षामूलक कार्रवाई की जाएगी। भारतीय न्याय संहिता/भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की सुसंगत धाराओं के अंतर्गत अशांति फैलाने वाले तत्वों के विरूद्ध दण्ड देने का समुचित प्रावधान है। ये धाराएँ संज्ञेय और गैर जमानती है। सोशल मीडिया एवं व्हाट्सएप के माध्यम से संदेहास्पद सूचनाओं के आदान-प्रदान पर विशेष ध्यान रखा जाएगा। इसके माध्यम से अफवाह फैलाने वालों के विरूद्ध समुचित कार्रवाई की जाएगी।
जिलाधिकारी एवं वरीय पुलिस अधीक्षक ने बताया कि विधि-व्यवस्था के सुचारू संचालन के लिए 442 स्थानों पर दण्डाधिकारियों एवं पुलिस पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई है। इनके साथ सशस्त्र बल तथा लाठी बल की व्यवस्था की गई है। पटना सदर अनुमंडल में 65 , पटना सिटी अनुमंडल में 153, दानापुर अनुमंडल में 79, बाढ़ अनुमंडल में 59, मसौढ़ी अनुमंडल में 39 तथा पालीगंज अनुमंडल में 47 स्थानों पर दण्डाधिकारियों एवं पुलिस पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई है। सभी अनुमंडल अधिकारी (एसडीओ) एवं अनुमंडल पुलिस अधिकारी (एसडीपीओ) क्षेत्रीय आवश्यकतानुसार अतिरिक्त प्रतिनियुक्ति करेंगे। उन्होंने बताया कि जिला प्रशासन का जिला नियंत्रण कक्ष 24 घंटे क्रियाशील रहेगा। इसकी दूरभाष संख्या 0612-2219810/ 2219234 है। आपात नंबर सेवा 112 एवं आवश्यकतानुसार जिला नियंत्रण कक्ष तथा पुलिस नियंत्रण कक्ष, पटना से भी दूरभाष संख्या - 9031825979 पर सम्पर्क स्थापित किया जा सकता है।
जिलाधिकारी ने बताया कि जिला नियंत्रण कक्ष में तीन पालियों में 26 सुरक्षित दंडाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई है। गाँधी मैदान, पटना स्थित नमाज स्थल पर 11 सुरक्षित दण्डाधिकारियों को तैनात किया गया है। पटना सिटी नियंत्रण कक्ष में 18, दानापुर अनुमंडल नियंत्रण कक्ष में 12, बाढ़ अनुमंडल में 05, मसौढ़ी अनुमंडल नियंत्रण कक्ष में 15 तथा पालीगंज अनुमंडल नियंत्रण कक्ष में 08 सुरक्षित दण्डाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई है। इस व्यवस्था के लिए सभी स्तरों पर शांति समिति की बैठक कर ली गयी है। जिलाधिकारी एवं वरीय पुलिस अधीक्षक ने पदाधिकारियों को सभी भागीदारों (स्टेकहोल्डर्स) से स्वस्थ एवं सार्थक संवाद बनाए रखने को कहा है। उन्होंने कहा कि गाँधी मैदान, पटना में एक अस्थायी थाना कार्यरत रहेगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित