नागपुर , अगस्त 19 -- लॉयड्स मेटल्स एंड एनर्जी लिमिटेड के प्रबंध निदेशक बालासुब्रमण्यन प्रभाकरन ने कहा है कि 25,000 से ज़्यादा पूर्व माओवादी कैडर कंपनी के शेयरहोल्डर बन गए हैं। यह कंपनी की ओर से उन्हें आर्थिक रूप से फिर से बसाने और मुख्यधारा में लाने का प्रयास है।

श्री प्रभाकरन ने मंगलवार को नागपुर के वीएनआईटी में एक स्टार्टअप सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि पूर्व माओवादियों को कंपनी के कामकाज के कई क्षेत्रों में मौके दिए जा रहे हैं, जिनमें उत्पादन , विनिर्माण , परिवहन , मार्केटिंग और आपूर्ति चेन प्रबंधन शामिल हैं।

उन्होंने कहा, "नक्सलवाद अब इतिहास बन चुका है। 25,000 से ज़्यादा पूर्व नक्सली अब हमारे शेयरहोल्डर हैं।" उन्होंने इस बात पर ज़ोर दिया कि मकसद उन्हें सिर्फ़ कर्मचारी नहीं, बल्कि आर्थिक गतिविधियों में साझेदार बनाना है।

उन्होंने बताया कि जो आदिवासी महिलाएं पहले वामपंथी उग्रवाद से जुड़ी थीं, उन्हें ट्रक चलाने का प्रशिक्षण दिया जा रहा है और वे प्रति माह 50,000 से 60,000 रुपये कमा रही हैं।

उन्होंने कहा कि कंपनी पुरुषों और महिलाओं दोनों को कौशल प्रशिक्षण भी दे रही है ताकि वे व्यवसायिक महारत हासिल कर सकें, अलग-अलग काम कर सकें और आखिरकार अपना खुद का व्यापार शुरू कर सकें।

श्री प्रभाकरन ने कहा कि कंपनी आदिवासी बच्चों की शिक्षा पर भी ध्यान दे रही है और कुछ छात्रों को क़त्रिम मेधा (एआई) में उच्च शिक्षा के लिए ऑस्ट्रेलिया भेजा जा रहा है।

उन्होंने उद्यमियों से स्थापित शहरी केंद्रों से आगे बढ़कर मौके तलाशने को कहा और स्टार्टअप्स से निवेश और नवाचार के लिए गढ़चिरौली को एक अच्छे स्थान के तौर पर देखने का आग्रह किया।

उन्होंने कहा कि इस ज़िले के लिए एक लाख करोड़ रुपये से ज़्यादा के निवेश प्रस्ताव पहले ही पेश किए जा चुके हैं, जहाँ खनन, विनिर्माण , खेती और उससे जुड़े क्षेत्रों में काफी अवसर है। उन्होंने कहा कि उद्यमियों को सामाजिक चुनौतियों की पहचान करनी चाहिए और ऐसे बड़े स्तर पर काम करने वाले उद्यम बनाने चाहिए जो इन चुनौतियों का समाधान कर सकें और साथ ही टिकाऊ आर्थिक मौके भी पैदा कर सकें।

उन्होंने विदर्भ की भरपूर खनिज और औद्योगिक क्षमता, खासकर आयरन ओर (लौह अयस्क) पैदा करने वाले क्षेत्र के तौर पर गढ़चिरौली के महत्व पर भी ज़ोर दिया और कहा कि डिफेंस-ग्रेड स्टील विकसित करने की कोशिशें चल रही हैं। उन्होंने कहा कि जर्मनी और कोरिया के निवेशक इस क्षेत्र में दिलचस्पी दिखा रहे हैं और निवेश के मौकों की तलाश कर रहे हैं। श्री प्रभाकरन ने स्टार्टअप्स से ऐसी कंपनियाँ बनाने का आह्वान किया जो राष्ट्र-निर्माण में योगदान दें। उन्होंने कहा कि निवेश, कौशल विकास और उद्यमिता को एक साथ लाकर गढ़चिरौली समावेशी आर्थिक विकास का मॉडल बन सकता है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित