अलवर , अक्टूबर 16 -- राजस्थान में खैरथल-तिजारा जिले के मुंडावर थाना क्षेत्र में पुलिस ने आतंकवाद विरोधी दस्ता (एटीएस) जयपुर की मदद से करीब एक वर्ष से फरार 25 हजार रुपये के इनामी बदमाश योगेन्द्र उर्फ घोड़ा को गिरफ्तार किया है।

पुलिस सूत्रों ने शुक्रवार को बताया कि आरोपी जानलेवा हमले के एक मामले में वांछित था और पुलिस से बचने के लिए लगातार ठिकाने बदल रहा था। आरोपी ने अपनी पहचान छिपाने के लिए लंबे बाल बढ़ा रखे थे और दक्षिण भारत सहित विभिन्न महानगरों में फरारी काट रहा था।

पुलिस ने बताया कि पुलिस दल ने तकनीकी सहायता और मुखबिरों की मदद से गुरुवार को जयपुर के करणी विहार थाना क्षेत्र से उसे पकड़ लिया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित