नयी दिल्ली , मई 21 -- दक्षिण भारत के समृद्ध इतिहास और हरे-भरे नज़ारों को दिखाने के लिए मशहूर 'गोल्डन चैरियट' ट्रेन एक बार फिर यात्रियों के सफर को यादगार बनाने के लिए तैयार है और वह भी 25 प्रतिशत तक की छूट पर।

भारतीय रेल खानपान एवं पर्यटन निगम (आईआरसीटीसी) ने 2026-27 सीज़न में कुछ चुनिंदा यात्राओं के लिए विशेष प्रमोशनल ऑफ़र पेश किये हैं। रेलवे की ओर से गुरुवार रात जारी विज्ञप्ति में बताया गया है कि देशों के सभी यात्रियों को कुछ खास यात्राओं के लिए प्रकाशित किराए पर 20 प्रतिशत की छूट मिलेगी। इसमें जिसमें अतिरिक्त शुल्क भी शामिल हैं। यह छूट केबिन की उपलब्धता पर निर्भर करेगी और यात्रा शुरू होने की तारीख तक मान्य रहेगी। रेलवे ने कहा है कि जो यात्री 30 जून या उससे पहले अपना पूरा भुगतान कर देते हैं, उन्हें पांच प्रतिशत की अतिरिक्त 'अर्ली-बर्ड' छूट भी मिलेगी। यह छूट 20 प्रतिशत की प्रमोशनल छूट के ऊपर दी जाएगी।

रेलवे ने बताया है कि 2026-27 सीज़न के यात्रा का मुख्य आकर्षण 'प्राइड ऑफ़ कर्नाटक' (05 रातें / 06 दिन) है। इसके तहत यात्री बेंगलुरु - बांदीपुर - मैसूर - हलेबिडु - चिकमगलूर - हम्पी - गोवा - बेंगलुरु का सफर करेंगे। वहीं, 'ज्वेल्स ऑफ़ साउथ' (05 रातें / 06 दिन) ऐतिहासिक शहरों और तटीय आकर्षणों को जोड़ता है, जिसके तहत यात्री बेंगलुरु - मैसूर - कांचीपुरम - महाबलीपुरम - तंजावुर - चेट्टिनाड - कोचीन - चेरतला - बेंगलुरु का भ़्रमण करेंगे।

रेलवे ने कहा है कि जो लोग कम समय में यात्रा का अनुभव लेना चाहते हैं, उनके लिए 'ग्लिम्पसेस ऑफ़ कर्नाटक' (03 रातें / 04 दिन) का विकल्प मौजूद है, जिसके तहत बेंगलुरु - बांदीपुर - मैसूर - हम्पी - बेंगलुरु की यात्रा करने की सुविधा मिलेगी।

रेलवे ने बताया कि ट्रेन में मिलने वाला सारा खाना, चुनिंदा पेय पदार्थ, एयर-कंडीशन्ड गाड़ियों में गाइड के साथ घूमने की सुविधा, ऐतिहासिक स्थलों में प्रवेश शुल्क और यात्रा कार्यक्रम के अनुसार बाहर तय जगहों पर मिलने वाला खाना सभी इस पैकेज में शामिल हैं।

रेलवे ने कहा है कि इसके अंतर्गत शामिल चुनी हुई प्रस्थान तिथियाँ निम्न प्रकार हैं: 24 अक्टूबर 2026 - प्राइड ऑफ़ कर्नाटक31 अक्टूबर 2026 - ग्लिम्पसेस ऑफ़ कर्नाटक19 दिसंबर 2026 - ग्लिम्पसेस ऑफ़ कर्नाटक26 दिसंबर 2026 - प्राइड ऑफ़ कर्नाटक02 जनवरी 2027 - प्राइड ऑफ़ कर्नाटक30 जनवरी 2027 - प्राइड ऑफ़ कर्नाटक06 फरवरी 2027 - ग्लिम्पसेस ऑफ़ कर्नाटक20 फरवरी 2027 - ज्वेल्स ऑफ़ साउथ27 फरवरी 2027 - प्राइड ऑफ़ कर्नाटक13 मार्च 2027 - प्राइड ऑफ़ कर्नाटकरेलवे ने कहा है कि इस पर नियम और शर्तें लागू हैं। इच्छुक यात्री आरक्षण और पूछताछके लिए फ़ोन: 91 8585931021 पर या वेबसाइट: डब्ल्यूडब्ल्यूडब्ल्यू.गोल्डन चैरियट.ओआरजी या ईमेल: गोल्डन चैरियट@आईआरसीटीसी.कॉम पर सम्पर्क कर सकते हैं।

रेलवे ने बताया है कि शानदार ढंग से सजाए गए केबिन में 80 मेहमानों को ठहराने की क्षमता वाली 'गोल्डन चैरियट' ट्रेन, आपको धीरे-धीरे और आराम से यात्रा करने का एक बेहतरीन मौका देती है। रहने की व्यवस्था को मेहमानों की अलग-अलग ज़रूरतों के हिसाब से तैयार किया गया है। इसमें 13 डबल-बेड केबिन, 26 ट्विन-बेड केबिन और एक खास केबिन शामिल है जिसे दिव्यांग मेहमानों के लिए डिज़ाइन किया गया है। इन सभी केबिन को बनाने में मटीरियल और आराम का उतना ही ध्यान रखा गया है, जितना कि इस ट्रेन की पहचान है।

रेलवे के अनुसार ट्रेन में खाने-पीने और मेल-जोल के लिए तीन खास जगहें बनाई गई हैं। 'रुचि' और 'नलपाका' ये दो शानदार डाइनिंग रेस्टोरेंट हैं, जहाँ आपको प्रीमियम बर्तनों और चादरों पर परोसे गए भारतीय और इंटरनेशनल व्यंजनों की एक बेहतरीन रेंज का मज़ा लेने को मिलेगा। यहाँ की सर्विस बहुत ही सधी हुई और बारीकी से की जाने वाली होती है। 'मदिरा' नाम का लाउंज बार एक अलग ही माहौल देता है। यहाँ आपको कई तरह के ड्रिंक्स का खास कलेक्शन मिलेगा, जिन्हें बड़े ही सलीके से परोसा जाता है और गिलासों की हल्की-हल्की खनक आपकी बातचीत में एक अलग ही मज़ा जोड़ देती है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित