चित्तौड़गढ़ , मई 15 -- राजस्थान में चित्तौड़गढ़ के कोतवाली थाना क्षेत्र में पुलिस ने पिछले महीने बस से उतारकर एक यात्री से पचास लाख रुपये की नकदी लूटने के आरोप में तीन बदमाशों को गिरफ्तार करके नकदी बरामद की है।
थानाधिकारी तुलसीराम ने शुक्रवार को बताया कि गुजरात के चारडा निवासी विजयभाई ने शिकायत दर्ज कराई कि वह अपने सेठ के दिये पचास लाख रुपये उनके भीलवाड़ा स्थित निवास पर पहुंचाने के लिए पिछले महीने 14 अप्रैल को कलेक्ट्रेट चौराहा स्थित आरटीसी ट्रेवल्स की बस में बैठा और उसके पास समीर खान निवासी मंदसौर (मध्यप्रदेश) भी बैठा था जिसने उसे बातों में उलझाकर कान्याखेड़ी गांव के समीप उतार लिया जहां कार से उसके दो साथी और पहुंचे और तीनों उससे नकदी भरा बैग लूटकर ले गये।
पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए आज मुख्य आरोपी समीर के अलावा शहर के चंदेरिया क्षेत्र निवासी उसके दोनों साथियों दीपक जोशी और सलमान खान को गिरफ्तार करके लूटी गई राशि में से 46 लाख रुपये बरामद भी कर लिए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित