बैतूल , सितंबर 21 -- मध्य प्रदेश के बैतूल कलेक्टर डॉ. सौरभ संजय सोनवणे ने सोमवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित समय-सीमा बैठक में सीएम हेल्पलाइन सहित विभिन्न लंबित प्रकरणों की विभागवार समीक्षा की और अधिकारियों को आमजन से जुड़े मामलों का संवेदनशीलता के साथ गुणवत्तापूर्ण और निर्धारित समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने सीएम हेल्पलाइन में 50 दिन से अधिक समय से लंबित शिकायतों को प्राथमिकता से निराकृत करने को कहा। उन्होंने महिला एवं बाल विकास, जल संसाधन, स्कूल शिक्षा, परिवहन सहित अन्य विभागों के अधिकारियों को शिकायतों के निराकरण में विशेष गंभीरता बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि शिकायतों के निराकरण में लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारी की जिम्मेदारी तय कर कार्रवाई की जाएगी।
राजस्व विभाग की लंबित शिकायतों की समीक्षा करते हुए उन्होंने प्राथमिकता के आधार पर प्रकरणों का निराकरण करने के निर्देश दिए। सभी अनुविभागीय अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में सीएम हेल्पलाइन के प्रकरणों की नियमित निगरानी करने के लिए कहा गया। शिकायतों के निराकरण में लापरवाही पाए जाने पर भैंसदेही तहसीलदार को नोटिस जारी करने के निर्देश भी दिए गए।
बैठक में कलेक्टर ने विभागवार लंबित पेंशन प्रकरणों की जानकारी लेते हुए अधिकारियों को उनका शीघ्र निराकरण सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने निर्माणाधीन सड़कों की स्थिति की समीक्षा करते हुए सहायक यंत्रियों और संबंधित अधिकारियों को मौके पर निरीक्षण करने के निर्देश दिए। साथ ही निर्माण कार्य की लागत और किस मद से कार्य कराया जा रहा है, इसकी जानकारी का नियमित रूप से अनुश्रवण करने को कहा।
समय-सीमा बैठक में जिले में मोबाइल नेटवर्क और संपर्क व्यवस्था की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने कहा कि जहां मोबाइल टावर स्थापित हैं, वहां नेटवर्क व्यवस्था सुचारु रहनी चाहिए। उन्होंने संबंधित नोडल अधिकारियों से क्षेत्रों में नेटवर्क की उपलब्धता, संपर्क व्यवस्था और नेटवर्क से जुड़ी समस्याओं की जानकारी ली।
उन्होंने नेटवर्क से वंचित क्षेत्रों को चिन्हित कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। निरीक्षण में लापरवाही पाए जाने पर उप संचालक उद्यानिकी को नोटिस जारी करने के निर्देश भी दिए गए। बैठक में अपर कलेक्टर श्रीमती वंदना जाट सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित