जालौन , अगस्त 29 -- उत्तर प्रदेश के जालौन में शनिवार को जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय एवं पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह ने शनिवार को पचनदा पहुंचकर नदियों के जलस्तर और संभावित बाढ़ की स्थिति का स्थलीय निरीक्षण किया।

अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर जलस्तर की स्थिति का जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों से बाढ़ से निपटने के लिए की गई तैयारियों की जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने पाया कि वर्तमान में नदियों का जलस्तर काफी नीचे है और जनपद में बाढ़ जैसी कोई स्थिति नहीं है। इसके बावजूद जिला प्रशासन ने एहतियात के तौर पर सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली हैं। प्रशासन द्वारा संभावित परिस्थितियों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।

जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने कहा कि जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है और नदियों के जलस्तर की निरंतर निगरानी की जा रही है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देश दिए कि किसी भी प्रकार की आपात स्थिति उत्पन्न होने पर तत्काल आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। राहत एवं बचाव से जुड़े संसाधनों को भी तैयार रखा जाए, ताकि जरूरत पड़ने पर प्रभावित क्षेत्रों में बिना किसी देरी के सहायता पहुंचाई जा सके।

पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह ने भी पचनदा क्षेत्र में सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था से संबंधित व्यवस्थाओं का जायजा लिया। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि फिलहाल स्थिति पूरी तरह सामान्य एवं नियंत्रण में है।

जिला प्रशासन द्वारा पचनदा सहित संभावित प्रभावित क्षेत्रों में सतर्कता बरतते हुए लगातार जलस्तर की निगरानी की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित