पटना , मार्च 23 -- िहार के ग्रामीण क्षेत्रों में आधारभूत संरचना को सुदृढ़ करने और सुदूर बसावटों तक निर्बाध संपर्कता सुनिश्चित करने के लिए ग्रामीण कार्य विभाग निरंतर सक्रियता के साथ कार्य कर रहा है। सुदृढ़ सड़क, सुलभ संपर्क, समग्र विकास के लक्ष्य के अनुरूप विभाग की ओर से पक्की ग्रामीण सड़कों का निर्माण कराया जा रहा है, जिससे ग्रामीण जनजीवन में सकारात्मक परिवर्तन देखने को मिल रहा है।

बेहतर सड़क संपर्कता के कारण अब ग्रामीण क्षेत्रों के लोग शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि विपणन, बैंकिंग, बाजार और अन्य आवश्यक सरकारी सेवाओं से सीधे जुड़ पा रहे हैं, जिससे राज्य के समग्र विकास को नई गति मिल रही है।

राज्य के सुदूर टोलों और बसावटों को पक्की सड़कों से जोड़ने की दिशा में विभाग की ओर से प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना, मुख्यमंत्री ग्राम संपर्क योजना एवं ग्रामीण टोला सम्पर्क निश्चय योजना के अंतर्गत व्यापक स्तर पर कार्य किया जा रहा है।

उल्लेखनीय है कि राज्य में कुल 1,29,990 बसावटों को पक्की ग्रामीण सड़कों से जोड़ने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। वहीं अब तक कुल 1,21,151 असंपर्कित बसावटों को बारहमासी पक्की सड़कों से जोड़ा जा चुका है। इन बसावटों को संपर्कता प्रदान करने के उद्देश्य से विभाग द्वारा 1,20,177 किलोमीटर से अधिक लंबी ग्रामीण सड़कों के निर्माण का कार्य किया जा चुका है। इस दिशा में वर्तमान वित्तीय वर्ष 2025-26 में विभाग ने कुल 1,467 नई बसावटों को 1,874 किलोमीटर पक्की सड़कों से जोड़ा गया है।

गांवों में सुलभ सम्पर्कता सुनिश्चित करने और अब तक पक्की सड़कों से वंचित बसावटों को सड़क सम्पर्कता से जोड़ने की दिशा में मुख्यमंत्री ग्राम संपर्क योजना के तहत व्यापक कार्य किया गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित