उदयपुर , फरवरी 04 -- भारतीय शास्त्रीय संगीत जगत के सुविख्यात महान तबला वादक, "ताल के जादूगर" पंडित चतुर लाल की जन्मशती वर्ष के उपलक्ष्य में छह मार्च को यहां शिल्पग्राम में स्मृति कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा।

पं. चतुरलाल मेमोरियल सोसायटी की सचिव मीता चतुर लाल ने बुधवार को बताया कि इस अवसर पर देश-विदेश के विख्यात कलाकार एक ही मंच पर प्रस्तुति देंगे और अपनी कला के माध्यम से उन्हें संगीतमय श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे।

उन्होंने बताया कि पं. चतुरलाल मेमोरियल सोसायटी एवं हिन्दुस्तान जिंक लिमिटेड द्वारा आयोजित कार्यक्रम में पद्म भूषण से सम्मानित सुप्रसिद्ध मोहन वीणा वादक पंडित विश्व मोहन भट्ट, तंत्री सम्राट पं. सलील भट्ट और प्रांशु चतुर लाल अपनी प्रस्तुतियों से संध्या को याद्गार बनाएंगे।

मीता चतुर लाल ने बताया कि अंतरराष्ट्रीय कलाकार मोआ डेनियलसन द्वारा संतूर वादन की विशेष प्रस्तुति भी इस अवसर पर होगी, जो संगीत की वैश्विक सरहदों को स्पर्श करेगी। इसके अतिरिक्त सुप्रसिद्ध नियाजी निजामी ब्रदर्स द्वारा सूफी कव्वाली की विशेष प्रस्तुति आयोजित की जाएगी। इसी कार्यक्रम में जिंक प्रतिभा टैलेंट हंट के विजेताओं को भी इस मंच पर अपनी कला प्रस्तुत करने का अवसर प्रदान किया जाएगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित