बैतूल , जुलाई 25 -- मध्य प्रदेश के बैतूल जिले के चिचोली नगर परिषद क्षेत्र में पिछले 15 दिनों से पेयजल आपूर्ति ठप रहने के विरोध में शनिवार को महिलाओं ने नगर परिषद कार्यालय के सामने मटके फोड़कर प्रदर्शन किया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार वार्ड क्रमांक 1, 14 और 15 की बड़ी संख्या में महिलाओं ने जल संकट के विरोध में नारेबाजी करते हुए नगर परिषद के मुख्य द्वार पर धरना दिया और मुख्य नगर पालिका अधिकारी (सीएमओ) से सीधे चर्चा की मांग की। बाद में सीएमओ द्वारा प्रभावित वार्डों में टैंकर के माध्यम से पानी उपलब्ध कराने का आश्वासन दिए जाने के बाद प्रदर्शन समाप्त हुआ।
प्रदर्शनकारी महिलाओं का कहना था कि पिछले 15 दिनों से उनके वार्डों में पेयजल आपूर्ति पूरी तरह बंद है, जिससे लोगों को पीने के पानी के लिए भी भटकना पड़ रहा है। महिलाओं ने चेतावनी दी कि यदि जल्द स्थायी समाधान नहीं किया गया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
प्रदर्शन के दौरान भाजपा नेता आशुतोष मालवीय के मौके पर पहुंचने के बाद माहौल गर्मा गया। प्रदर्शनकारियों ने उनके सामने भी नारेबाजी की। कांग्रेस नेताओं और प्रदर्शन में शामिल लोगों ने आरोप लगाया कि भाजपा नेता ने विरोध कर रहे लोगों को डराने-धमकाने का प्रयास किया। इस दौरान भाजपा नेता आशुतोष मालवीय और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता बटनू पटेल के बीच तीखी बहस भी हुई, जिससे कुछ समय के लिए तनाव की स्थिति बन गई। हालांकि बाद में मामला शांत हो गया।
एनएसयूआई प्रदेश सचिव हर्ष भुसारी ने आरोप लगाया कि चिचोली में पेयजल संकट गंभीर रूप ले चुका है लेकिन नगर परिषद इस समस्या के समाधान के प्रति गंभीर नहीं है। उन्होंने कहा कि नगर में ऐसी स्थिति बन गई है कि "नशा आसानी से मिल रहा है लेकिन लोगों को पीने का पानी नहीं मिल रहा।" उनका दावा है कि वार्ड क्रमांक 14 और 15 में प्रजापति (कुम्हार) समाज की बड़ी आबादी निवास करती है, जो सबसे अधिक प्रभावित है।
पूर्व पार्षद एवं कांग्रेस नेता रूपेश आर्य ने कहा कि पेयजल संकट को लेकर पहले भी कई बार शिकायत की गई थी लेकिन समाधान नहीं होने पर वार्डवासियों को आंदोलन के लिए मजबूर होना पड़ा। उन्होंने आरोप लगाया कि नगर परिषद कार्यालय में समस्या बताने पहुंचे लोगों को भाजपा नेता द्वारा डराने और धमकाने का प्रयास किया गया।
प्रदर्शन में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता बटनू पटेल, नगर अध्यक्ष राहुल पटेल, पूर्व पार्षद रूपेश आर्य, एनएसयूआई प्रदेश सचिव हर्ष भुसारी, पार्षद रोहित आर्य सहित बड़ी संख्या में महिला-पुरुष वार्डवासी शामिल रहे। वहीं नगर परिषद प्रशासन ने प्रभावित क्षेत्रों में तत्काल टैंकरों से पानी पहुंचाने तथा नियमित जलापूर्ति बहाल करने का आश्वासन दिया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित