श्रीनगर , जुलाई 17 -- जम्मू-कश्मीर में पहले 15 दिनों में 3.50 लाख से ज़्यादा तीर्थयात्रियों ने पवित्र अमरनाथ गुफा मंदिर में भगवान भोलेथान के दर्शन किये हैं।

यह जानकारी उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने शुक्रवार को पहलगाम के नुनवान आधार शिविर में यात्रा की व्यवस्थाओं का जायजा लेने के बाद दी। उन्होंने वहां मौजूद सुविधाओं का निरीक्षण किया और ज़रूरी सेवाओं - जैसे पीने का पानी, बिजली, टेलीकॉम कनेक्टिविटी, रहने की जगह, खाना, स्वास्थ्य सेवा, आपातकालीन प्रतिक्रिया और सुरक्षा की उपलब्धता का जायजा लेने के लिए वरिष्ठ अधिकारियों के साथ उच्च स्तरीय बैठक की ।

उपराज्यपाल ने शुक्रवार को नुनवान बेस कैंप का दौरा किया और श्री अमरनाथ जी यात्रा के तीर्थयात्रियों के लिए की गई सुविधाओं का निरीक्षण किया। उपराज्यपाल ने कहा, "आज यात्रा शुरू हुए 15 दिन हो गए हैं और इन 15 दिनों में 3.50 लाख से ज़्यादा तीर्थयात्रियों ने बाबा भोलेनाथ के दर्शन किए हैं। भगवान शिव की कृपा से यात्रा सुचारू रूप से चल रही है। देश के हर कोने से आने वाले श्रद्धालुओं में भारी उत्साह है और स्थानीय निवासी तथा सेवा प्रदाता भी इस पवित्र यात्रा को सफल बनाने में सक्रिय रूप से जुटे हुए हैं।"उपराज्यपाल ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे यह पक्का करें कि पर्यावरण पूरी तरह सुरक्षित रहे। उन्होंने दोनों रास्तों और कैंपों में खास सफाई अभियान चलाने के भी निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से कहा, "हम कचरा-मुक्त श्री अमरनाथ जी यात्रा के लिए प्रतिबद्ध हैं और हमें सरकार के सभी विभागों के साथ मिलकर इस वादे को पूरा करना होगा।"उपराज्यपाल ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे तीर्थयात्रियों से लगातार फीडबैक लें और उनके द्वारा ध्यान में लाई गयी किसी भी समस्या का तुरंत समाधान करें। उन्होंने निर्देश दिया कि तीर्थयात्रियों को दी जाने वाली सभी सेवाओं में पारदर्शिता बनाए रखने और ज़्यादा पैसे वसूलने से रोकने के लिए 100 प्रतिशत प्रीपेड सिस्टम का सख्ती से पालन किया जाए। आने वाले दिनों में भारी बारिश के अनुमान को देखते हुए, उपराज्यपाल ने प्रशासन और सभी संबंधित एजेंसियों को पूरी तरह तैयार रहने, आपातकालीन उपायों को मजबूत करने और हर हाल में तीर्थयात्रियों की सुरक्षा और सुविधा सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने निर्देश दिया कि हर टेंट में आग बुझाने वाला यंत्र होना ज़रूरी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित