चंडीगढ़ , जून 19 -- शिरोमणि अकाली दल (पुनर-सुरजीत) के अध्यक्ष ज्ञानी हरप्रीत सिंह ने शुक्रवार को पंथक एकता और अन्य राजनीतिक दलों के साथ गठबंधन को लेकर आठ सदस्यीय समन्वय समिति के गठन की घोषणा की है।
यहां जारी एक बयान में श्री सिंह कहा कि दो दिसंबर को जारी हुए हुक्मनामों के तहत पांच सिंह साहिबानों ने पंथक संगठनों को एक निशान साहिब के नीचे एकजुट होने का आह्वान किया था। इसी क्रम में हाल ही में जालंधर में चार संगठनों ने एक मंच पर आने का फैसला किया। इनमें शिरोमणि अकाली दल (पुनर-सुरजीत), इंटरनेशनल पंथक दल, यूनाइटेड अकाली दल तथा बेगमपुरा खालसा राज पार्टी शामिल हैं।
श्री सिंह ने बताया कि अन्य राजनीतिक दलों और पंथक संगठनों को साथ जोड़ने के उद्देश्य से आठ सदस्यीय समन्वय समिति का गठन किया गया है। समिति में सर्वश्री गुरप्रताप सिंह वडाला, सुच्चा सिंह छोटेपुर, बूटा सिंह रणसिंह, गुरिंदर सिंह बाजवा, जतिंदर सिंह इसरू, संत चरणजीत सिंह जस्सोवाल, भाई मोहकम सिंह तथा परमपाल सिंह सभरा को शामिल किया गया है। उन्होंने कहा कि यह समिति जल्द ही किसान संगठनों, विभिन्न राजनीतिक दलों और पंथक संस्थाओं से संपर्क कर साझा पंजाब एजेंडे के आधार पर एक संयुक्त मंच तैयार करने के लिए विचार-विमर्श करेगी।
इस अवसर पर पार्टी संगठन को मजबूत करने के लिए नये पर्यवेक्षकों की नियुक्ति भी की गयी। श्री गोबिंद सिंह लोंगोवाल और श्री हरविंदर सिंह गगरपुर को बरनाला-मानसा जिले का पर्यवेक्षक नियुक्त किया गया है। श्री हरदेव सिंह हमीद को मुक्तसर-फाजिल्का जिले की जिम्मेदारी सौंपी गयी है। इसके अलावा श्री गुरभेज सिंह सिद्धू और जत्थेदार चरण सिंह को फिरोजपुर-फरीदकोट जिले का पर्यवेक्षक नियुक्त किया गया है। पार्टी नेतृत्व ने उम्मीद जताई कि नयी समन्वय समिति और पर्यवेक्षकों की नियुक्ति से पंथक एकता के प्रयासों को मजबूती मिलेगी तथा पंजाब के विभिन्न संगठनों को एक साझा मंच पर लाने में सहायता प्राप्त होगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित