जालंधर , जून 17 -- शिरोमणि अकाली दल पुनर सुरजीत के अध्यक्ष ज्ञानी हरप्रीत सिंह ने बुधवार को कहा कि पंजाब और पंथ के साझा एजेंडे के तहत विभिन्न सिख राजनीतिक संगठनों के बीच व्यापक एकता की दिशा में बुधवार को एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। उन्होंने इसे पंथक एकता की दिशा में पहला बड़ा पड़ाव बताया।

जालंधर स्थित गुरु तेग बहादुर नगर के गुरुद्वारा श्री तेग बहादुर साहिब में आयोजित बैठक में शिरोमणि अकाली दल पुनर सुरजीत, यूनाइटेड अकाली दल, इंटरनेशनल पंथक अकाली दल और बेगमपुरा खालसा राज पार्टी के नेताओं ने भाग लिया। बैठक में संरक्षक रविंदर सिंह, महासचिव गुरप्रताप सिंह वडाला, बीबी जागीर कौर, सुचा सिंह छोटेपुर, यूनाइटेड अकाली दल के अध्यक्ष गुरदीप सिंह बठिंडा, बूटा सिंह रणसिंह, इंटरनेशनल पंथक अकाली दल के अध्यक्ष जसबीर सिंह रोड़े तथा बेगमपुरा खालसा राज पार्टी के अध्यक्ष गुरिंदर सिंह बाजवा और अन्य नेता उपस्थित रहे।

बैठक के बाद नेताओं ने कहा कि पंथ और पंजाब से जुड़े लंबे समय से लंबित मुद्दों के समाधान के लिए समान विचारधारा वाले सभी संगठनों का एक साझा एजेंडे और एक झंडे के नीचे एकजुट होना आवश्यक है। इस दौरान पंथक एकता को मजबूत करने के विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की गयी।

श्री सिंह ने कहा कि आज की बैठक ने एक नयी शुरुआत की है और आने वाले समय में श्री अकाल तख्त साहिब की सर्वोच्चता और पंथक सिद्धांतों के प्रति समर्पित अन्य संगठनों को भी इस एकता अभियान से जोड़ा जाएगा।

महासचिव गुरप्रताप सिंह वडाला ने कहा कि यह बैठक पंथक एकता की मजबूत नींव साबित होगी। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम के दौरान पार्टी अध्यक्ष ज्ञानी हरप्रीत सिंह ने सभी दलों के अध्यक्षों और नेताओं को सिरोपाओं से सम्मानित किया।

इंटरनेशनल पंथक अकाली दल के अध्यक्ष जसबीर सिंह रोडे ने घोषणा की कि उनकी पार्टी सहित तीन संगठनों ने शिरोमणि अकाली दल पुनर सुरजीत के साथ बिना किसी शर्त के सहयोग और समर्थन देने का निर्णय लिया है। नेताओं ने विश्वास जताया कि साझा प्रयासों से पंथ और पंजाब के हितों की प्रभावी ढंग से रक्षा की जा सकेगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित