रुद्रपुर , जुलाई 16 -- उत्तराखंड की ऊधमसिंह नगर पुलिस ने पंतनगर क्षेत्र में हुई लाखों रुपये की चोरी की वारदात का खुलासा करते हुए एक शातिर चोर को गिरफ्तार किया है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) अजय गणपति के अनुसार 15 जून को रात में पंतनगर के शांतिपुरी नंबर-1 निवासी प्रकाश चन्द के मकान की खिड़की की ग्रिल और जाली तोड़ कर चोर घर में घुस गए और सोने-चांदी के आभूषण और करीब सात से आठ लाख रुपये नकद चोरी कर ले गए। पीड़ित पक्ष की तहरीर पर थाना पंतनगर में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया। साथ ही चोरों की गिरफ्तारी के लिए चार पुलिस टीमों का गठन किया गया। पुलिस टीमों ने सौ से अधिक सीसीटीवी कैमरों को खंगाला।

पुलिस ने जांच में आये तथ्यों के आधार पर अजय उर्फ अज्जू (28) निवासी गडरियाबाग, थाना किच्छा को गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से 160 ग्राम सोने के आभूषण, एक किलो चांदी के आभूषण, भगवान गणेश और माता लक्ष्मी की प्रतिमाएं तथा चोरी में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की गई।

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि बरामद मोटरसाइकिल ट्रांजिट कैंप क्षेत्र से चोरी की गई थी, जिस पर फर्जी नंबर प्लेट लगाकर चोरी की घटनाओं को अंजाम देता था। आरोपी ने यह भी स्वीकार किया कि चोरी की गई करीब सात लाख रुपये की नकदी उसने अपने बैंक खातों में जमा की है। पुलिस ने संबंधित बैंक खातों को भी फ्रीज कराने की कार्रवाई शुरू कर दी है।

पुलिस ने बताया कि इस वारदात में एक अन्य आरोपी की भी संलिप्तता सामने आई है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ पहले से भी चोरी, नकबजनी और आयुध अधिनियम के तहत कई मामले दर्ज हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित