रुद्रपुर/ नैनीताल , नवम्बर 05 -- उत्तराखंड के पंतनगर स्थित प्रसिद्ध गोविंद बल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय में आगामी 07 नवंबर को होने वाले किसान महासम्मेलन में लगभग 25 से 30 हजार कृषक शामिल होंगे।

यह जानकारी देते हुए कृषि मंत्री गणेश जोशी ने बताया कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी सम्मेलन में शामिल होंगे और किसानों को संबोधित करेंगे।

श्री जोशी आज पंतनगर पहुंचे और उन्होंने किसान सम्मेलन की तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि यह सम्मेलन राज्य के किसानों के लिए एक ऐतिहासिक अवसर होगा, जिसमें कृषि के क्षेत्र में नई तकनीकों, नवाचारों और योजनाओं की जानकारी किसानों को मिलेगी।

इस सम्मेलन का आयोजन कृषि, उद्यान, ग्राम्य विकास, मत्स्य, डेयरी, सहकारिता, पशुपालन, मंडी परिषद तथा पंतनगर विश्वविद्यालय के संयुक्त तत्वावधान में किया जा रहा है। इस अवसर पर कृषि एवं संबंधित विभागों की वृहद प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी, जिसमें किसानों को उन्नत कृषि तकनीकों, आधुनिक उपकरणों, बीजों और योजनाओं की जानकारी दी जाएगी।

केबिनेट मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार किसानों की आय दोगुनी करने के लक्ष्य की दिशा में निरंतर प्रयासरत है।

यहां बता दें कि उत्तराखंड राज्य गठन के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित रजत जयंती समारोह के तहत इस सम्मेलन का आयोजन किया जा रहा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित