चंपावत , अगस्त 13 -- पंडित दीनदयाल मातृ-पितृ तीर्थाटन योजना के तहत वरिष्ठ नागरिकों को श्री बदरीनाथ धाम की नि:शुल्क यात्रा कराने की तैयारी शुरू हो गई है। जिला पर्यटन विभाग की ओर से इच्छुक पात्र वरिष्ठ नागरिकों से आवेदन आमंत्रित किए गए हैं।
जिला पर्यटन अधिकारी लता बिष्ट के अनुसार योजना के तहत इस वर्ष सितंबर अथवा अक्टूबर 2026 में बदरीनाथ धाम की तीर्थ यात्रा प्रस्तावित है। यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं के भोजन, आवास और परिवहन की व्यवस्था पर्यटन विभाग द्वारा नि:शुल्क की जाएगी। यात्रा से एक दिन पहले संबंधित पर्यटक आवास गृह में श्रद्धालुओं का चिकित्सीय परीक्षण कराया जाएगा, जिसके बाद अगले दिन यात्रा दल रवाना होगा।
प्रत्येक यात्रा दल में अधिकतम 30 श्रद्धालुओं को शामिल किया जाएगा। योजना का लाभ लेने के लिए वरिष्ठ नागरिक की आयु 60 वर्ष या उससे अधिक होना अनिवार्य है। पति-पत्नी के मामले में दोनों में से किसी एक की आयु 60 वर्ष होना आवश्यक है।
वहीं, 70 वर्ष या उससे अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिक अपने साथ एक सहयोगी ले जा सकेंगे। सहयोगी के यात्रा व्यय में 50 प्रतिशत की छूट दी जाएगी।
पात्र श्रद्धालुओं का चयन पहले आओ, पहले पाओ के आधार पर किया जाएगा। इच्छुक नागरिक निर्धारित प्रारूप में आवेदन पत्र भरकर संबंधित कार्यालय में जमा करा सकते हैं। यात्रा की तिथि, आवेदन प्रक्रिया और अन्य जानकारी के लिए किसी भी कार्य दिवस में जिला पर्यटन विकास अधिकारी, चंपावत के कार्यालय से संपर्क किया जा सकता है।
योजना के तहत बद्रीनाथ के अलावा प्रदेश के अन्य प्रमुख धार्मिक स्थलों को भी शामिल किया गया है, जिनमें गंगोत्री, रीठा साहिब, नानकमत्ता साहिब, पिरान कलियर शरीफ, ताड़केश्वर, कालीमठ, जागेश्वर, गैराड़ गोलू, गंगोलीहाट, बैजनाथ, हनोल, कालिका और ज्वाल्पा देवी प्रमुख हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित