नयी दिल्ली , मार्च 14 -- भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाभियान के अंतर्गत दिल्ली भाजपा के मंडल स्तरीय प्रशिक्षण महाभियान के दूसरे चरण में शनिवार को 79 मंडलों में रात्रि प्रवास कैम्प आयोजित किये गये।
दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा के मार्गदर्शन में और अभियान की संयोजक सांसद कमलजीत सहरावत की देखरेख में विभिन्न मंडलों में आयोजित प्रशिक्षण अभियान में मुख्य वक्ता के रूप में प्रदेश पदाधिकारियों एवं अन्य नेताओं ने भाग लिया। दिल्ली के 13 विभिन्न संगठनात्मक जिलों के 79 मंडलों में आयोजित प्रशिक्षण अभियान में मुख्य रूप से प्रदेश भाजपा अध्यक्ष श्री वीरेंद्र सचदेवा ने न्यू अशोक नगर में आयोजित प्रशिक्षण शिविर को संबोधित किया।
श्रीमती सहरावत ने मोती नगर और करोल बाग मंडल में, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सतीश उपाध्याय ने तुगलकाबाद एक्सटेंशन और आर के पुरम मंडल में, दिल्ली के महापौर सरदार राजा इकबाल सिंह ने बुराड़ी और संत नगर मंडल में, मीडिया प्रमुख प्रवीण शंकर कपूर ने राजनगर और वसंत कुंज मंडल के साथ ही मुनीरका तथा कर्मपुरा मंडल में, मोर्चों के संयुक्त प्रभारी सुमित भसीन ने आर के पुरम, मुनिरका, न्यू दिल्ली, द्वारका-ए और मंगलपुरी में, डॉ अनिल गुप्ता ने दिलशाद गार्डन मंडल में और श्री दुष्यंत गौतम, डॉ पंकज सिंह, राजकुमार भाटिया, आरती मेहरा, शहज़ाद पूनावाला, आदेश गुप्ता, योगिता सिंह, सतीश गर्ग, अजय महावर, सरदार आर पी सिंह, सारिका जैन, बृजेश राय, ऋचा पांडेय मिश्रा, मोहन लाल गिहारा, यासिर जिलानी, सुभेन्द्रू शेखर अवस्थी, राजकुमार फलवारिया, श्री जगमोहन महलावत आदि ने 79 विभिन्न मंडलों में आयोजित प्रशिक्षण शिविर सत्रों को संबोधित किया।
इस मौके पर विभिन्न वक्ताओं ने जनसंघ काल से भाजपा के इतिहास एवं विकास, भाजपा की कार्यपद्धति, वैचारिक अधिष्ठान, अंत्योदय से संतृप्ति और केन्द्र एवं दिल्ली सरकार की उपलब्धियों पर कार्यकर्ताओं से चर्चा की।
श्री सचदेवा ने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय का एकात्म मानववाद समाज के हर वर्ग के समग्र विकास की बात करता है और भारतीय जनता पार्टी उसी विचारधारा के आधार पर राष्ट्र निर्माण के लिए कार्य कर रही है। चाहें वह 1999 - 2004 के बीच की श्री अटल बिहारी वाजपेई की सरकार हो या 2014 से चल रही श्री नरेन्द्र मोदी की सरकार हो सब की कार्यप्रेरणा पंडित दीनदयाल उपाध्याय का एकात्म मानववाद है। उन्होंने इस अवसर पर पार्टी कार्यकर्ताओं को संगठन की विचारधारा, अनुशासन और जनसेवा की भावना के साथ कार्य करने का आह्वान किया।
श्री सचदेवा ने कहा कि एक मजबूत और प्रभावी संगठन के निर्माण में प्रशिक्षित कार्यकर्ताओं की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण कार्यक्रमों के माध्यम से कार्यकर्ताओं को पार्टी की नीतियों, कार्यक्रमों और कार्यशैली की गहन जानकारी मिलती है, जिससे वे समाज के बीच अधिक प्रभावी ढंग से कार्य कर सकते हैं।
श्रीमती सहरावत ने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय जी का जीवन सादगी, समर्पण और राष्ट्रसेवा का अद्भुत उदाहरण था। उन्होंने हमेशा समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति के उत्थान की बात की। पंडित दीनदयाल उपाध्याय का मानना था कि जब तक समाज के सबसे कमजोर और वंचित वर्ग तक विकास का लाभ नहीं पहुंचेगा, तब तक वास्तविक प्रगति संभव नहीं है। यही कारण है कि उन्होंने 'अंत्योदय' का मंत्र दिया, जिसका उद्देश्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक सुख-सुविधाएं और अवसर पहुंचाना है।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे जनता के बीच जाकर सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों की जानकारी पहुंचाएं तथा समाज के हर वर्ग के साथ संवाद स्थापित करें।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित