जशपुर , अगस्त 26 -- छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने जशपुर जिले के फरसाबहार विकासखंड के पंडरीपानी में भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) की नवीन शाखा एवं भवन का शुभारंभ बुधवार देर शाम किया। इस शाखा के शुरू होने से पंडरीपानी सहित आसपास के करीब 60 गांवों के हजारों ग्रामीणों को स्थानीय स्तर पर बैंकिंग सुविधाएं उपलब्ध होंगी।

मुख्यमंत्री साय ने इस अवसर पर कहा कि गांवों तक बैंकिंग सुविधाओं का विस्तार वित्तीय समावेशन और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। बैंक शाखा खुलने से किसानों, छोटे व्यापारियों, युवाओं और स्वरोजगार से जुड़े लोगों के लिए वित्तीय सेवाओं और ऋण तक पहुंच आसान होगी।

उन्होंने कहा कि पंडरीपानी और आसपास के ग्रामीणों को अब तक बैंकिंग कार्यों के लिए करीब पांच किलोमीटर दूर फरसाबहार जाना पड़ता था। नई शाखा से बोखी, सहसपुर, भगोरा, बनगांव, सीमाबाड़ी, मुंडाडीह और सरईटोली सहित करीब 60 गांवों के लोगों को लाभ मिलेगा। शाखा के औपचारिक शुभारंभ से पहले ही करीब 200 लोगों ने यहां बैंक खाते खुलवाए हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि शाखा के माध्यम से किसानों को कृषि ऋण एवं किसान क्रेडिट कार्ड, छोटे व्यापारियों और उद्यमियों को व्यवसाय ऋण तथा आम नागरिकों को गृह, वाहन और शिक्षा ऋण सहित विभिन्न बैंकिंग सुविधाएं स्थानीय स्तर पर उपलब्ध हो सकेंगी।

इस दौरान मुख्यमंत्री ने क्षेत्र में विभिन्न विकास कार्यों की घोषणा भी की। उन्होंने पंडरीपानी में मिनी स्टेडियम और बाजारपारा में मंगल भवन निर्माण के साथ अंबाकछार एवं सीमाबाड़ी में मिनी स्टेडियम बनाने की घोषणा की। इसके अलावा हाथीबेड़ से कोतबा गांधी चौक तक करीब सात किलोमीटर सड़क निर्माण, मेन रोड सिसरिंगा में 10 लाख रुपये की लागत से सीसी रोड, हाईस्कूल मैदान में चेंजिंग रूम, हाईस्कूल परिसर के जीर्णोद्धार तथा मूंगी दरबार में पुलिया निर्माण की घोषणा की।

कार्यक्रम में विभिन्न योजनाओं के हितग्राहियों को ऋण स्वीकृति पत्र और बीमा दावा राशि के चेक भी वितरित किए गए। प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत तीन हितग्राहियों, प्रधानमंत्री मुद्रा योजना के तहत नौ हितग्राहियों और प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना के तहत दो हितग्राहियों को ऋण स्वीकृति पत्र प्रदान किए गए। मुद्रा योजना के हितग्राहियों को 50 हजार से एक लाख 90 हजार रुपये तक के ऋण स्वीकृत किए गए।

प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना के तहत चार हितग्राहियों को दो-दो लाख रुपये की बीमा दावा राशि के चेक दिए गए। फरसाबहार विकासखंड की किसान लक्ष्मी बाई को किसान क्रेडिट कार्ड ऋण का स्वीकृति पत्र प्रदान किया गया। मुख्यमंत्री ने जशपुर के प्रधान आरक्षक दिवंगत राहुल राम प्रधान के परिवार को एक करोड़ रुपये की बीमा राशि का चेक भी प्रदान किया।

नई एसबीआई शाखा शुरू होने पर क्षेत्र के ग्रामीणों ने प्रसन्नता जताते हुए कहा कि अब बैंकिंग कार्यों के लिए फरसाबहार जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी और इससे समय तथा आवागमन खर्च की बचत होगी।

इस अवसर पर पत्थलगांव विधायक गोमती साय, कलेक्टर रोहित व्यास, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह, एसबीआई के वरिष्ठ अधिकारी, स्थानीय जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद थे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित