बैतूल , मार्च 10 -- असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों को सामाजिक सुरक्षा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से केंद्र सरकार द्वारा संचालित प्रधानमंत्री श्रम योगी मानधन योजना के विशेष पंजीयन अभियान में मध्यप्रदेश का बैतूल जिला देशभर में दूसरे स्थान पर पहुंच गया है। जिले में अभियान के दौरान बड़ी संख्या में श्रमिकों का पंजीयन कर उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की गई है।

श्रम एवं रोजगार मंत्रालय, भारत सरकार के तहत संचालित इस योजना में असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों को वृद्धावस्था में आर्थिक सुरक्षा प्रदान की जाती है। योजना के अंतर्गत 18 से 40 वर्ष आयु वर्ग के ऐसे श्रमिक, जिनकी मासिक आय 15 हजार रुपये से कम है, वे पंजीयन कर योजना से जुड़ सकते हैं। पात्र हितग्राहियों को 60 वर्ष की आयु पूर्ण होने पर प्रतिमाह तीन हजार रुपये की न्यूनतम पेंशन प्रदान की जाती है।

अधिक से अधिक श्रमिकों को योजना का लाभ दिलाने के उद्देश्य से देशभर में 15 जनवरी 2026 से 15 मार्च 2026 तक विशेष पंजीयन अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के अंतर्गत बैतूल जिले में प्रभावी प्रयास करते हुए अब तक कुल 1774 असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों का पंजीयन किया जा चुका है। इसी उपलब्धि के आधार पर बैतूल जिला अभियान अवधि में पूरे देश में दूसरे स्थान पर पहुंच गया है।

जिला प्रशासन द्वारा योजना के प्रचार-प्रसार और श्रमिकों तक इसकी जानकारी पहुंचाने के लिए विशेष पहल की जा रही है। कलेक्टर नरेंद्र कुमार सूर्यवंशी ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि असंगठित क्षेत्र में कार्यरत अधिक से अधिक श्रमिकों को इस योजना से जोड़ा जाए, ताकि उन्हें भविष्य में सामाजिक सुरक्षा का लाभ मिल सके।

उन्होंने दुकानों में कार्यरत कर्मचारियों, निर्माण स्थलों पर काम करने वाले श्रमिकों, मनरेगा मजदूरों, वाहन चालकों सहित अन्य असंगठित क्षेत्र के कामगारों का व्यापक स्तर पर पंजीयन कराने के निर्देश दिए हैं। जिला प्रशासन द्वारा अभियान की लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है, ताकि अधिकाधिक पात्र श्रमिक योजना से लाभान्वित हो सकें।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित