बरनाला , अगस्त 02 -- कांग्रेस के पार्टी मामलों के पंजाब के प्रभारी भूपेश बघेल ने कहा है कि कांग्रेस देश की एकमात्र ऐसी पार्टी है, जहां आंतरिक लोकतंत्र है और सभी को साथ लेकर सर्वसम्मति से निर्णय लिए जाते हैं।

उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर आम आदमी पार्टी और भारतीय जनता पार्टी के खिलाफ संघर्ष तेज करने का आह्वान किया।

बरनाला में रविवार को आयोजित 'हर बूथ मजबूत' कार्यक्रम को संबोधित करते हुए श्री बघेल ने कहा कि पंजाब से कांग्रेस की जीत का अभियान शुरू होगा और यही जीत आगे पूरे देश में कांग्रेस की वापसी का रास्ता बनाएगी। उन्होंने कहा कि केंद्र में भाजपा और पंजाब में आम आदमी पार्टी (आप) की सरकार से जनता परेशान है और अब दोनों को सत्ता से बाहर करने का समय आ गया है।

श्री बघेल ने आरोप लगाया कि भाजपा और आप में कोई अंतर नहीं है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस में लोकतांत्रिक प्रक्रिया के तहत नेतृत्व चुना जाता है, जबकि भाजपा और आप में अध्यक्ष और संयोजक कैसे नियुक्त होते हैं, यह किसी को पता नहीं होता। उन्होंने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा की विदेश और आर्थिक नीतियों की विफलता के कारण पेट्रोल, डीजल, एलपीजी, उर्वरक और अन्य आवश्यक वस्तुओं की कीमतें लगातार बढ़ी हैं, जिससे आम जनता पर भारी बोझ पड़ा है।

श्री बघेल ने आरोप लगाया कि आप ने पंजाब की जनता से किये गये बड़े-बड़े वादे पूरे नहीं किये। उन्होंने कहा कि राज्य में कानून-व्यवस्था चरमरा गयी है, गैंगस्टरों का बोलबाला है और फिरौती की घटनायें आम हो गयी हैं। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी (आप) अरविंद केजरीवाल ने पंजाब और उसकी सरकार को बंधक बना रखा है तथा पंजाब के संसाधनों का इस्तेमाल दिल्ली, गुजरात और गोवा की राजनीति चलाने के लिए किया जा रहा है।

पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने कार्यकर्ताओं से अनुशासन और समर्पण के साथ काम करने का आह्वान करते हुए कहा कि बूथ स्तर पर संगठन मजबूत किये बिना कोई भी चुनाव नहीं जीता जा सकता। उन्होंने कहा कि 2022 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस सरकार के अच्छे कामों के बावजूद बूथ स्तर पर कमजोर रणनीति के कारण पार्टी को नुकसान उठाना पड़ा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि जिस तरह 2024 के उपचुनाव में बरनाला में आप को हराया गया, उसी तरह अब अगला लक्ष्य मुख्यमंत्री भगवंत मान के गढ़ संगरूर में कांग्रेस का झंडा बुलंद करना होना चाहिए। राजा वड़िंग ने आरोप लगाया कि आप ने पंजाब को केवल नशा, गैंगस्टर और कर्ज दिया है। उन्होंने कहा कि सफाई कर्मचारियों, शिक्षकों, पीएसपीसीएल कर्मचारियों, किसानों और मनरेगा मजदूरों पर पुलिस कार्रवाई से सरकार का असली चेहरा सामने आ चुका है।

पूर्व मंत्री रजिया सुल्ताना ने पार्टी नेतृत्व से अनुशासनहीनता करने वाले नेताओं के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। उन्होंने कहा कि यदि समय रहते ऐसे लोगों पर कार्रवाई नहीं की गयी तो पार्टी को बड़ा नुकसान उठाना पड़ सकता है। कार्यक्रम के दौरान वरिष्ठ अकाली नेता एवं लेहरा गागा से चार बार नगर पार्षद रह चुकीं बलविंदर कौर ने कांग्रेस का दामन थाम लिया।

इस अवसर पर ब्रह्म मोहिंद्रा, डॉ. राज कुमार वेरका, काला ढिल्लों, कुलबीर जीरा, हीना कांवरे, दुर्लभ सिद्धू सहित कई वरिष्ठ कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित