चंडीगढ़ , मई 09 -- पंजाब भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) अध्यक्ष सुनील जाखड़ ने शनिवार को पंजाब सरकार पर भ्रष्टाचार को संरक्षण देने और प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की जांच के दायरे में आये कथित भूमि घोटालों से जुड़े लोगों का बचाव करने का आरोप लगाया है।

श्री जाखड़ ने कहा कि मंत्रियों पर हो रही ईडी कार्रवाई किसी निजी व्यक्ति को निशाना बनाने के लिए नहीं, बल्कि उन लोगों के खिलाफ है जिन पर किसानों की जमीन धोखाधड़ी से हड़पने के आरोप हैं। उन्होंने दावा किया कि जांच उन मामलों की हो रही है, जिनमें किसानों से बेहद कम कीमत पर जमीन लेकर बाद में अवैध रियल एस्टेट गतिविधियों के जरिए भारी मुनाफा कमाया गया।

भाजपा नेता ने कहा कि मामला केवल मंत्रियों श्री अमन अरोड़ा या श्री संजीव अरोड़ा तक सीमित नहीं है, बल्कि चेंज ऑफ लैंड यूज़ (सीएलयू) की कथित गलत मंजूरियों के जरिए कृषि भूमि के दुरुपयोग से जुड़ा है। मोहाली मामले का जिक्र करते हुए श्री जाखड़ ने आरोप लगाया कि श्री अमन अरोड़ा के करीबी सहयोगी सनटेक सिटी मोहाली परियोजना में 30 एकड़ भूमि से जुड़ी अनियमितताओं में शामिल थे और संपत्ति का कम मूल्यांकन कर करीब 170 करोड़ रुपये की हेराफेरी की गयी।

उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि लुधियाना में संजीव अरोड़ा की कंपनी हैम्पटन स्काई रियल्टी लिमिटेड ने करीब 40 एकड़ जमीन का फर्जी सीएलयू मंजूरियों के जरिए दुरुपयोग किया। उन्होंने कहा कि औद्योगिक उपयोग के लिए आवंटित जमीन को कथित तौर पर रिहायशी कॉलोनियों में बदल दिया गया। यदि उस जमीन पर उद्योग स्थापित नहीं हुए, तो वह जमीन किसानों को वापस मिलनी चाहिए थी, न कि व्यावसायिक लाभ के लिए इस्तेमाल की जाती।

मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान पर निशाना साधते हुए श्री जाखड़ ने कहा कि यदि सरकार वास्तव में 'कट्टर ईमानदार' होती तो भ्रष्टाचार के आरोपियों का बचाव करने के बजाय खुद कार्रवाई करती। उन्होंने कहा कि "सबका साथ, सबका विकास" के बाद अब "सबका हिसाब" का समय आ गया है। श्री जाखड़ ने यह भी आरोप लगाया कि दिल्ली से पंजाब सरकार को प्रभावित करने वाले 'सुपर मंत्री' भी भविष्य में जांच के दायरेमें आएंगे।

श्री जाखड़ ने कहा कि मुख्यमंत्री अपने करीबियों को पीड़ित दिखाकर बचाने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने सवाल किया कि जिसे मुख्यमंत्री पहले 'कैंसर' कहते थे, उसी भ्रष्टाचार को अब उनकी सरकार क्यों बचा रही है। उन्होंने कहा कि पंजाब की जनता आम आदमी पार्टी सरकार के दौरान हुई कथित लूट से पूरी तरह वाकिफ है और अब जवाबदेही चाहती है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित