फगवाड़ा , जुलाई 26 -- हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने रविवार को फगवाड़ा में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान पंजाब की आम आदमी पार्टी सरकार पर भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं को लेकर आरोप लगाया कि पंजाब में लगातार सामने आ रहे भर्ती परीक्षा विवादों ने युवाओं का विश्वास तोड़ दिया है और सरकार पारदर्शी एवं निष्पक्ष भर्ती प्रक्रिया सुनिश्चित करने में विफल रही है।

महाराजा पैलेस में नव्या हेल्पिंग हैंड्स फाउंडेशन द्वारा आयोजित विशाल रक्तदान शिविर में मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित करते हुए श्री सैनी ने हालिया सब-इंस्पेक्टर भर्ती विवाद का उल्लेख करते हुए कहा कि परीक्षा प्रक्रिया में गंभीर अनियमितताओं के आरोप सामने आए हैं, जिससे युवाओं में निराशा का माहौल है। उन्होंने कहा कि हरियाणा की भाजपा सरकार युवाओं, किसानों और आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों के कल्याण के लिए निरंतर कार्य कर रही है। युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए राज्य में नियमित रूप से प्रेरक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं, जबकि रोजगार सृजन सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है।

मुख्यमंत्री ने हरियाणा सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि पात्र परिवारों को रियायती दर पर एलपीजी सिलेंडर उपलब्ध कराए जा रहे हैं, महिलाओं को आर्थिक सहायता दी जा रही है तथा किसानों की 24 फसलों की न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर खरीद सुनिश्चित की गई है।

कारगिल विजय दिवस के अवसर पर उन्होंने शहीद सैनिकों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए युवाओं से शहीद-ए-आजम भगत सिंह के आदर्शों पर चलने और राष्ट्र निर्माण व समाज सेवा के लिए समर्पित होने का आह्वान किया। उन्होंने पंजाब को गुरुओं की पावन धरती बताते हुए कहा कि मानवता की सेवा यहां की सबसे बड़ी परंपरा रही है।

कार्यक्रम के दौरान नव्या हेल्पिंग हैंड्स फाउंडेशन की ओर से आम जनता की सुविधा के लिए एक वेंटिलेटर से सुसज्जित एंबुलेंस भी समर्पित की गई। मुख्यमंत्री ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि संपला परिवार ने अपनी व्यक्तिगत पीड़ा को समाज सेवा का माध्यम बनाकर प्रेरणादायी उदाहरण प्रस्तुत किया है।

फाउंडेशन के अध्यक्ष, पूर्व सांसद एवं राष्ट्रीय अनुसूचित जाति आयोग के पूर्व अध्यक्ष विजय सांपला ने बताया कि उनकी पौत्री नव्या के असमय निधन की स्मृति में फाउंडेशन की स्थापना की गई थी। उन्होंने कहा कि प्रत्येक वर्ष आयोजित होने वाला यह विशाल रक्तदान शिविर स्वैच्छिक रक्तदान को बढ़ावा देने और नव्या की स्मृति को समर्पित है। उन्होंने बताया कि आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के उद्देश्य से फाउंडेशन ने वेंटिलेटर युक्त एंबुलेंस भी जनता को समर्पित की है।

कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने विश्वकर्मा मंदिर और गुरुद्वारा सुखचैन साहिब में माथा टेका तथा हेलीकॉप्टर से फगवाड़ा के लिए रवाना हो गए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित