चंडीगढ़ , जनवरी 22 -- शिरोमणि अकाली दल ने गुरुवार को कहा कि पंजाब सरकार ने प्रति वर्ष 10 लाख रुपये तक का मुफ्त चिकित्सा उपचार प्रदान करने का वादा किया था, लेकिन हकीकत में उसने केवल एक लाख रुपये का बीमा प्रदान किया है।
अकाली दल के वरिष्ठ नेता एन के शर्मा ने प्रेस कांफ्रेंस को संबोधित करते हुए कहा कि आम आदमी पार्टी (आप) सरकार का इस योजना को लागू करने का कोई इरादा नहीं है, वह केवल पंजाबियों को मूर्ख बनाने के लिए प्रचार का हथकंडा अपना रही है। उन्होंने दावा किया कि यह योजना तरनतारन उपचुनाव सहित पांच बार लागू की जा चुकी है और कहा, '' योजना के विज्ञापन पर करोड़ों रुपये खर्च किये गये हैं, लेकिन एक भी मरीज को चिकित्सा उपचार का लाभ नही दिया गया है।''अकाली नेता ने कहा, '' सरकार ने स्वास्थ्य क्षेत्र के लिए अपने बजट में 761 करोड़ रुपये रखे थे, लेकिन पांच लोगों को भी चिकित्सा कवर का लाभ नहीं दिया गया है।'' उन्होंने कहा कि सरकार आयुष्मान भारत योजना में अपने हिस्से के 200 करोड़ रुपये का भुगतान करने में भी चूक की है, जिसके कारण 15 लाख लोगों को चिकित्सा उपचार प्रदान करने वाली यह योजना बुरी तरह प्रभावित हुई है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित