लुधियाना , मार्च 24 -- ग्रामीण बुनियादी ढांचे और सार्वजनिक सेवा वितरण को बड़ा बढ़ावा देते हुए पंजाब सरकार ने लुधियाना जिले के साहनेवाल निर्वाचन क्षेत्र के लिए 23.99 करोड़ रूपये की परियोजनाओं को मंजूरी दी है। इसमें ऐतिहासिक गांव श्री भैणी साहिब के लिए एक मेगा सीवरेज योजना और साहनेवाल में एक आधुनिक सब-तहसील परिसर का निर्माण शामिल है।

कैबिनेट मंत्री और साहनेवाल के विधायक हरदीप सिंह मुंडियां ने मंगलवार को बताया कि श्री भैणी साहिब गांव के लिए 13.36 करोड़ रूपये के सीवरेज परियोजना की मंजूरी दी है। इस परियोजना के तहत 1.80 किमी मुख्य सीवर और 18.13 किमी लेटरल सीवर नेटवर्क बिछाने के साथ-साथ 670 घरेलू कनेक्शन दिए जाएंगे। इसमें एक मुख्य पंपिंग स्टेशन का निर्माण और 1.0 एमएलडी क्षमता का सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) स्थापित करना भी शामिल है। उन्होंने बताया, "बढ़ती आबादी और पुरानी सुविधाओं को देखते हुए ग्राम पंचायत और श्री भैणी साहिब संप्रदाय प्रबंधन समिति द्वारा संयुक्त रूप से नए सीवर नेटवर्क और जल आपूर्ति बुनियादी ढांचे की मांग की गई थी।"इस पर त्वरित संज्ञान लेते हुए, जल आपूर्ति एवं स्वच्छता मंत्री मुंडियां ने वरिष्ठ अधिकारियों के साथ नौ जनवरी, 2026 को गांव का दौरा किया था। वहां यह बात सामने आई थी कि 2001-02 में बिछाया गया मौजूदा सीवर सिस्टम अपनी उपयोगिता खो चुका है और गांव में शोधन (ट्रीटमेंट) की कोई सुविधा नहीं थी।

एक अन्य महत्वपूर्ण निर्णय में, पंजाब सरकार ने साहनेवाल में एक नए सब-तहसील परिसर के निर्माण के लिए 10.64 करोड़ रूपये मंजूर किए हैं। इस परियोजना का उद्देश्य प्रशासनिक ढांचे को मजबूत करना और नागरिक-केंद्रित सेवाओं को सुनिश्चित करना है।

श्री मुंडियां ने कहा कि नया परिसर साहनेवाल और आसपास के क्षेत्रों के निवासियों के लिए राजस्व और प्रशासनिक सेवाओं तक आसान पहुंच प्रदान करेगा, जिससे उन्हें बार-बार लुधियाना जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी। उन्होंने कहा कि इस सुविधा से मामलों का तेजी से निपटारा, कार्यक्षमता में सुधार और बेहतर राजस्व प्राप्ति सुनिश्चित होगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित