चंडीगढ़ , जुलाई 08 -- पंजाब सरकार ने राज्य की लॉजिस्टिक्स व्यवस्था को आधुनिक और डिजिटल बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए बुधवार को एनआईसीडीसी लॉजिस्टिक्स डेटा सर्विसेज लिमिटेड (एनएलडीएसएल) के साथ एक समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किये। इस समझौते के तहत पंजाब की सप्लाई चेन को यूनिफाइड लॉजिस्टिक्स इंटरफेस प्लेटफॉर्म (यूएलआईपी) से जोड़ा जाएगा, जिससे माल ढुलाई की रीयल-टाइम निगरानी संभव होगी और लॉजिस्टिक्स लागत में कमी आएगी। उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री अमन अरोड़ा की मौजूदगी में उद्योग एवं वाणिज्य विभाग के निदेशक जसप्रीत सिंह और एनएलडीएसएल के मुख्य कार्यकारी अधिकारी ताकायुकी कानो ने उद्योग भवन में एमओयू पर हस्ताक्षर किये। इस अवसर पर उद्योग एवं वाणिज्य विभाग के प्रशासनिक सचिव गुरकिरत किरपाल सिंह भी उपस्थित रहे।

श्री अरोड़ा ने कहा कि इस समझौते से विभिन्न सरकारी विभागों और निजी लॉजिस्टिक्स सेवा प्रदाताओं के बीच एकीकृत प्लेटफॉर्म के माध्यम से रीयल-टाइम डेटा साझा किया जा सकेगा। इससे माल ढुलाई की निगरानी बेहतर होगी, व्यापारिक प्रक्रियाएं सरल होंगी और निर्यातकों, सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्योगों (एमएसएमई) तथा परिवहन क्षेत्र को सीधा लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि यह पहल पंजाब को निवेश के लिए अधिक आकर्षक राज्य बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। इससे लेन-देन की लागत घटेगी, कारोबार करने में आसानी को बढ़ावा मिलेगा और सरकारी विभागों, लॉजिस्टिक्स कंपनियों तथा उद्योग जगत के बीच बेहतर समन्वय स्थापित होगा। साथ ही सप्लाई चेन की पारदर्शिता बढ़ेगी, अक्षमताओं में कमी आएगी और राज्य की निर्यात प्रतिस्पर्धा मजबूत होगी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व वाली सरकार आधुनिक, पारदर्शी और निवेशक-अनुकूल औद्योगिक माहौल विकसित करने के लिए लगातार सुधार कर रही है। उन्होंने कहा कि एनएलडीएसएल के साथ यह समझौता राज्य के लॉजिस्टिक्स बुनियादी ढांचे को मजबूत करने और उद्योगों को विश्वस्तरीय सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने इसे तकनीक आधारित सुशासन और औद्योगिक सुविधा को बढ़ावा देने वाला मील का पत्थर बताया और कहा कि यह प्लेटफॉर्म बुनियादी ढांचा विकास की वैज्ञानिक योजना बनाने और उत्तर भारत में माल ढुलाई से जुड़ी प्रमुख बाधाओं की पहचान करने में भी सहायक होगा।

एमओयू के बाद एनएलडीएसएल ने विभिन्न सरकारी विभागों के अधिकारियों के लिए एक तकनीकी कार्यशाला आयोजित की, जिसमें लॉजिस्टिक्स डेटा बैंक, ट्रैक योर ट्रांसपोर्ट और ट्रांसपोर्ट मैनेजमेंट सिस्टम जैसी प्रमुख डिजिटल सेवाओं का प्रदर्शन किया गया। इन प्रणालियों के माध्यम से कंटेनरों की निगरानी, रीयल-टाइम शिपमेंट ट्रैकिंग तथा बेड़े और माल ढुलाई के बेहतर प्रबंधन में मदद मिलेगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित