चंडीगढ़ , मार्च 20 -- पंजाब की सामाजिक सुरक्षा, महिला एवं बाल विकास मंत्री डॉ बलजीत कौर ने शुक्रवार को बताया कि वित्तीय वर्ष 2022-23 से 2025-26 तक महिलाओं को मुफ्त बस यात्रा की सुविधा प्रदान करने पर लगभग 2042 करोड़ रुपये खर्च किये गये हैं।

डॉ कौन ने जानकारी दी कि पंजाब भर में महिलाओं द्वारा हर महीने लगभग 1.20 करोड़ मुफ्त बस यात्राओं का लाभ उठाया जा रहा है, जो स्पष्ट रूप से इस पहल की लोकप्रियता और प्रभावशीलता को दर्शाता है। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि यह सुविधा केवल मुफ्त यात्रा के बारे में नहीं है, बल्कि एक क्रांतिकारी कदम है, जो महिलाओं के जीवन में स्वतंत्रता और आत्मविश्वास की नयी लहर ला रहा है। यह उन्हें वित्तीय बाधाओं के बिना शिक्षा, रोजगार और स्वास्थ्य सेवाओं तक पहुंचने में सक्षम बना रहा है, जिससे वे अधिक आत्मनिर्भर और सशक्त बन रही हैं।

डॉ. कौर ने कहा कि महिला सशक्तिकरण एक प्रगतिशील समाज की नींव है और पंजाब सरकार इसे मजबूत करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में महिलाओं के कल्याण के लिए और भी प्रभावशाली और कल्याणकारी पहल जारी रखी जाएंगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित