चंडीगढ़ , फरवरी 23 -- पंजाब के कैबिनेट मंत्री डॉ. रवजोत सिंह ने सोमवार को कहा कि सरकार जल्द ही जिलावार 'एनआरआई मिलनी' का आयोजन करेगी।

यहां एनआरआई मामलों पर विभाग की एक उच्च स्तरीय बैठक की अध्यक्षता करने के बाद डॉ. रवजोत सिंह ने कहा कि विदेशों में रहने वाले पंजाबी प्रवासियों की समस्याओं के समाधान के लिए पंजाब सरकार निरंतर एनआरआई मिलनी आयोजित कर रही है। इसी दिशा में, वर्तमान वर्ष के दौरान राज्य के प्रत्येक जिले में एनआरआई मिलनी आयोजित की जाएगी।

कैबिनेट मंत्री ने कहा कि हमारा मुख्य उद्देश्य एनआरआई को होने वाली समस्याओं को हल करना है और यह उनके पास पहुंचकर ही संभव है। इस कदमसे यह सुनिश्चित होगा कि उन्हें सरकारी कार्यालयों के अनावश्यक चक्कर न लगाने पड़ें। मंत्री ने अधिकारियों को एनआरआई की शिकायतों और मुद्दों को निर्धारित समय सीमा के भीतर हल करने के निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार विदेशों में रहने वाले पंजाबियों के हितों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार एनआरआई पंजाबियों की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर हल करने के लिए वचनबद्ध है। राज्य सरकार ने पंजाब में उनकी भूमि और संपत्ति से संबंधित अधिकारों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पर्याप्त व्यवस्था की है।

मंत्री ने विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिये कि एनआरआई सभा के चुनाव जल्द कराये जायें और इस संबंध में आवश्यक कार्रवाई तेजी से की जाये।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित