चंडीगढ़ , जनवरी 22 -- यूथ अकाली दल के अध्यक्ष सरबजीत सिंह झिंजर ने पंजाब सरकार द्वारा राज्य भर के करीब 12 हजार यूथ क्लबों को बंद करने के फैसले की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि यह कदम युवाओं की पीठ में छुरा घोंपने के बराबर है।

श्री झिंजर ने कहा कि पंजाब में कुल करीब 14 हजार यूथ क्लब मौजूद हैं, जो गांवों के युवाओं को खेलों, सांस्कृतिक गतिविधियों से जोड़ने और उन्हें नशे से दूर रखने में अहम भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के पांच साल और आम आदमी पार्टी के चार साल के शासनकाल में युवाओं से सिर्फ वादे ही किये गये, लेकिन जमीनी स्तर पर कोई बदलाव नहीं आया। दोनों सरकारें हर मोर्चे पर पंजाब में विफल साबित हुई हैं।

उन्होंने कहा कि यूथ क्लब आज भी काम कर रहे हैं, लेकिन सरकार ने ही उन्हें मजबूत बनाने और सुचारू रूप से चलाने के लिए कोई प्रयास नहीं किया। अब जानबूझकर क्लबों को भंग कर अपने चहेतों के नाम पर उन्हें दोबारा पंजीकृत करने की साजिश रची जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि विधानसभा चुनाव नजदीक आते देख आम आदमी पार्टी को गांवों के यूथ क्लब याद आ रहे हैं। यह पूरा मामला सिर्फ एक चुनावी स्टंट है। अगर सरकार सच में युवाओं की भलाई चाहती, तो पिछले चार वर्षों में यूथ क्लबों के लिए पर्याप्त फंड, रोजगार से जुड़ी योजनायें और खेल-सांस्कृतिक कार्यक्रम चलाये जाते।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित