चंडीगढ़ , फरवरी 21 -- पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने शनिवार को घोषणा की कि राज्य सरकार आठ मार्च को पांचवां बजट पेश करेगी, जो पहले की तरह ही समाज के हर वर्ग के कल्याण पर केंद्रित होगा।
श्री मान ने अहमदाबाद में पत्रकारों से बातचीत में कहा कि सरकार ने लगातार जनहितैषी और नागरिक-केंद्रित निर्णय लिये हैं, जिन्होंने राज्य की दिशा बदल दी है। उन्होंने कहा, " पंजाब सरकार आठ मार्च को अपना पांचवां बजट पेश करेगी और हम जनहितैषी बजट पेश करने की अपनी परंपरा को जारी रखेंगे, जिसका उद्देश्य सभी का कल्याण करना है। हमारा एकमात्र लक्ष्य आम आदमी का कल्याण सुनिश्चित करना है और हम इसे हासिल करने के लिए अथक प्रयास कर रहे हैं। आगामी बजट एक बार फिर पंजाब के लोगों को अपार लाभ प्रदान करेगा। "यहां जारी सरकारी विज्ञप्ति के अनुसार श्री मान ने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि लगातार कई वर्षों से भाजपा के नेतृत्व वाली राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन सरकार द्वारा पेश किया गया केंद्रीय बजट दिशाहीन और समाज के धनी वर्गों के प्रति पक्षपातपूर्ण रहा है। उन्होंने कहा, " गुजरात में, जहां लगभग विपक्ष नहीं है, आम आदमी की समस्यायें बढ़ गयी हैं और लोग परेशान हैं। कांग्रेस और भाजपा वहां दोस्ताना खेल खेल रही हैं और आम आदमी की आवाज को दबा दिया गया है। "मुख्यमंत्री ने कहा कि जहां प्रधानमंत्री देश को विश्व गुरु बनाने की बात करते हैं, वहीं उनके गृह राज्य के लोग बुनियादी जरूरतों के लिए संघर्ष कर रहे हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित