चंडीगढ़ , अगस्त 03 -- पंजाब विधानसभा के मानसून सत्र के पहले दिन सोमवार को मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में सदन ने पिछले सत्र के बाद दिवंगत हुईं विभिन्न हस्तियों, शहीदों और अन्य दिवंगतों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।

विधानसभा अध्यक्ष कुलतार सिंह संधवां ने दिवंगत पूर्व विधायक साही राम बिश्नोई, शहीद सिपाही सरबजीत सिंह, स्वतंत्रता सेनानी सेवा सिंह, ओलंपियन रणधीर सिंह, गीतकार एवं लेखक भूला राम (चन्न गोराया), विधायक देविंदरजीत सिंह लड्डी ढोस के चाचा मंजीत सिंह ढोस तथा विधायक बरिंदरमीत सिंह पाहड़ा के चाचा भूपिंदर सिंह पाहड़ा के जीवन और योगदान का संक्षिप्त उल्लेख करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि दी।

विधायक सरबजीत कौर मानूके की सिफारिश पर सदन ने सेना के शहीद सिकंदर सिंह को भी श्रद्धासुमन अर्पित किये।

सदन ने देशभर में नीट परीक्षा प्रश्नपत्र लीक के बाद बने अनिश्चितता के माहौल के दौरान जान गंवाने वाले विद्यार्थियों को भी श्रद्धांजलि दी और उनके परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की। श्रद्धांजलि के उपरांत विधानसभा में सभी दिवंगत आत्माओं की स्मृति में दो मिनट का मौन रखकर उन्हें सम्मानपूर्वक नमन किया गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित