होशियारपुर , सितंबर 11 -- पंजाब रोडवेज, पनबस और पीआरटीसी अनुबंधित कर्मचारी यूनियन ने लंबित मांगों का समाधान नहीं होने पर 22 सितंबर से राज्यव्यापी अनिश्चितकालीन बस हड़ताल की घोषणा की है।
यूनियन के अध्यक्ष रामिंदर सिंह ने शुक्रवार को कहा कि पिछले करीब चार वर्षों में सरकार के साथ लगभग 59 बैठकें हो चुकी हैं, लेकिन कर्मचारियों की मांगों का समाधान नहीं हुआ। हर बार सरकार ने समय और आश्वासन दिए, लेकिन उन्हें केवल आश्वासनों के अलावा कुछ नहीं मिला। उन्होंने ठेका प्रणाली के तहत कर्मचारियों के कथित शोषण, ईपीएफ और ईएसआई से जुड़े मुद्दों तथा भर्ती में कथित अनियमितताओं का आरोप लगाया।
महासचिव कुलवंत सिंह और सचिव नरिंदर सिंह ने कहा कि सरकार बार-बार पत्र जारी कर रही है, लेकिन मांगों पर ठोस कार्रवाई नहीं हो रही। उन्होंने अनुबंधित कर्मचारियों को संबंधित सेवा नियमों के तहत नियमित करने, आउटसोर्स कर्मचारियों को अनुबंधित कर्मचारी बनाने, 'समान काम के लिए समान वेतन' लागू करने तथा प्रदर्शनों के दौरान कर्मचारियों के खिलाफ दर्ज मामले वापस लेने की मांग की।
यूनियन नेता धर्मिंदर सिंह ने कहा कि कर्मचारी जनता को दी जा रही मुफ्त यात्रा सुविधा का स्वागत करते हैं, लेकिन सरकार ने सार्वजनिक परिवहन के लिए विभाग में एक भी नयी बस नहीं जोड़ी है। उन्होंने आरोप लगाया कि किलोमीटर स्कीम के तहत बसें शामिल की जा रही हैं और विभाग के करीब 90 प्रतिशत संचालन का जिम्मा आउटसोर्स तथा अनुबंधित कर्मचारियों पर है।
नेताओं ने कहा कि सरकार के साथ 17 सितंबर को बैठक प्रस्तावित है और यदि बैठक में मांगों का समाधान नहीं हुआ तो 22 सितंबर से पूरे पंजाब में अनिश्चितकालीन बस हड़ताल शुरू की जायेगी। उन्होंने हड़ताल से उत्पन्न किसी भी व्यवधान के लिए राज्य सरकार और प्रबंधन को जिम्मेदार ठहराया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित