कपूरथला , अगस्त 6 -- पंजाब के ग्रामीण विकास एवं पंचायत विभाग ने ग्रामीण महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने और स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से 'फ्रीजर ऑन व्हील्स' पहल शुरू की है।

इस योजना के तहत पंजाब राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन और वेरका के सहयोग से स्वयं सहायता समूहों (एसएचजी) की महिलाओं को बैटरी चालित ई-कार्ट उपलब्ध कराये गये हैं, जिनके माध्यम से वे गांवों और स्थानीय बाजारों में आइसक्रीम बेचकर अपनी आय बढ़ा सकेंगी।

उपायुक्त आकाश बंसल ने गुरुवार को बताया कि पात्र महिला सदस्यों को 'फ्रीजर ऑन व्हील्स' खरीदने के लिए कम ब्याज दर पर ऋण उपलब्ध कराया गया है। उन्होंने कहा कि वेरका जैसे विश्वसनीय ब्रांड के साथ साझेदारी से ग्राहकों का भरोसा बना रहेगा और यह चलित बिक्री केंद्र महिलाओं को दिहाड़ी मजदूरी से आगे बढ़कर अपना स्वयं का व्यवसाय स्थापित करने में मदद करेंगे।

उपायुक्त ने कहा कि पंजाब सरकार का उद्देश्य स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से ग्रामीण महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाना और उनकी आय में स्थायी वृद्धि सुनिश्चित करना है। यह पहल महिलाओं को उद्यमिता की ओर प्रोत्साहित करने के साथ-साथ ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी मजबूती देगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित