चंडीगढ़ , जुलाई 17 -- पंजाब यूनिवर्सिटी में फीस बढ़ोतरी के विरोध में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) ने यहां जोरदार प्रदर्शन किया।

बड़ी संख्या में छात्रों ने कुलपति (वीसी) कार्यालय का घेराव कर विश्वविद्यालय प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की और फीस वृद्धि का फैसला वापस लेने की मांग की।

एबीवीपी के प्रदेश अध्यक्ष गौरव वीर सोहल ने कहा कि फीस बढ़ोतरी छात्रों के साथ अन्याय है। उन्होंने कहा कि हर बार फीस बढ़ाकर विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों पर आर्थिक बोझ डाला जाता है, जबकि विश्वविद्यालय की ओर से उस अनुपात में सुविधाएं उपलब्ध नहीं करायी जातीं। उन्होंने कहा कि बढ़ी हुई फीस का सबसे अधिक असर आर्थिक रूप से कमजोर छात्रों पर पड़ेगा। एबीवीपी छात्र हितों से जुड़े इस मुद्दे पर किसी भी तरह का समझौता नहीं करेगी और यदि फीस बढ़ोतरी का फैसला वापस नहीं लिया गया, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

प्रदर्शन के दौरान छात्रों ने विश्वविद्यालय प्रशासन से फीस वृद्धि पर तत्काल पुनर्विचार करने और छात्र हित में फैसला लेने की मांग की।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित