चंडीगढ़ , अक्टूबर 22 -- पंजाब सरकार ने राज्य में एक हज़ार आधुनिक आंगनवाड़ी केंद्रों के निर्माण की परियोजना के तहत 957 केंद्रों का काम पूरा कर लिया है, जबकि शेष केंद्रों का निर्माण तेजी से जारी है।
सामाजिक सुरक्षा, महिला एवं बाल विकास मंत्री डॉ बलजीत कौर ने गुरुवार को यह जानकारी देते हुए बताया कि इस पहल का उद्देश्य बच्चों को सुरक्षित वातावरण में बेहतर पोषण, देखभाल और प्रारंभिक शिक्षा उपलब्ध कराना है।
डॉ. कौर ने बताया कि ये केंद्र समेकित बाल विकास सेवा (आईसीडीएस) योजना के तहत महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी अधिनियम (मनरेगा) के सहयोग से बनाए जा रहे हैं। इस परियोजना के लिए राज्य सरकार ने 100 करोड़ रुपये का बजट निर्धारित किया है। उन्होंने कहा कि आधुनिक आंगनवाड़ी केंद्रों में बच्चों के लिए पूर्व-प्राथमिक शिक्षा, पूरक पोषण, स्वास्थ्य जांच और शारीरिक विकास की निगरानी जैसी सुविधाएं उपलब्ध होंगी। इसके अलावा गर्भवती महिलाओं और स्तनपान कराने वाली माताओं को भी बेहतर सेवाएं मिलेंगी।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली सरकार बच्चों और महिलाओं के कल्याण को प्राथमिकता दे रही है। इन केंद्रों का उद्देश्य केवल भवन बनाना नहीं, बल्कि बच्चों के स्वस्थ विकास और उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव तैयार करना है, ताकि उन्हें अपने गांव में ही बेहतर पोषण, शिक्षा और देखभाल की सुविधाएं मिल सकें। उन्होंने अभिभावकों, पंचायती राज संस्थाओं और स्थानीय समुदाय से आंगनवाड़ी केंद्रों के उचित रखरखाव तथा प्रभावी उपयोग में सहयोग देने की अपील की। उन्होंने कहा कि सामुदायिक भागीदारी से ये केंद्र बच्चों के समग्र विकास, पोषण, शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं के प्रमुख केंद्र बन सकते हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित