चंडीगढ़ , जुलाई 09 -- पंजाब की सामाजिक सुरक्षा, महिला एवं बाल विकास मंत्री डॉ बलजीत कौर ने गुरुवार को बताया कि राज्य सरकार ने राज्य में प्रारंभिक बाल देखभाल और शिक्षा को मजबूत करने के उद्देश्य से 892 आधुनिक आंगनवाड़ी केंद्रों का निर्माण पूरा कर लिया है।

शेष 132 आंगनवाड़ी केंद्रों का निर्माण अंतिम चरण में है और इन्हें जल्द ही बच्चों को समर्पित किया जाएगा।

डॉ कौर ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली सरकार ने राज्य में 1,024 नये आंगनवाड़ी केंद्र बनाने का लक्ष्य निर्धारित किया था। इनमें से 892 केंद्र तैयार हो चुके हैं, जबकि बाकी 132 केंद्रों का निर्माण कार्य तेजी से पूरा किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य प्रत्येक बच्चे को, उसकी आर्थिक पृष्ठभूमि की परवाह किये बिना, निजी स्कूलों के समान गुणवत्तापूर्ण प्रारंभिक शिक्षा और खेल आधारित सीखने का वातावरण उपलब्ध कराना है। बच्चों के बेहतर भविष्य से जुड़े किसी भी प्रयास में धन की कमी नहीं आने दी जाएगी।

उन्होंने कहा कि आधुनिक आंगनवाड़ी केंद्र केवल भवन नहीं हैं, बल्कि ऐसे स्थान हैं, जहां ग्रामीण और जरूरतमंद परिवारों के बच्चों के सपनों को नई उड़ान मिलेगी। उन्होंने कहा कि ये केंद्र कुपोषण से लड़ने, बच्चों के स्वास्थ्य में सुधार लाने तथा उनके शारीरिक और मानसिक विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

डॉ. कौर ने बताया कि सभी नये आंगनवाड़ी केंद्र निर्धारित गुणवत्ता मानकों के अनुरूप विकसित किये जा रहे हैं। मिशन सक्षम के तहत प्रत्येक केंद्र के लिए 10 लाख रुपये जारी किये गये हैं। इस राशि से बैठने की पर्याप्त व्यवस्था, स्वच्छ पेयजल, आधुनिक शौचालय और बच्चों के समग्र विकास के लिए बेहतर शिक्षण सुविधाएं उपलब्ध करायी जा रही हैं। उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार गुणवत्तापूर्ण प्रारंभिक बाल देखभाल और शिक्षा के माध्यम से बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव रखने के लिए प्रतिबद्ध है। इन आधुनिक आंगनवाड़ी केंद्रों से बच्चों को सुरक्षित, प्रेरक और समान अवसर वाला सीखने का वातावरण मिलेगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित