चंडीगढ़ , जुलाई 08 -- पंजाब सरकार ने मानसून के दौरान पशुओं को जानलेवा बीमारी हेमोरेजिक सेप्टीसीमिया (एचएस) से बचाने के लिए राज्यव्यापी टीकाकरण अभियान शुरू किया है। इस अभियान के तहत 30 जुलाई तक 57,70,979 गायों और भैंसों का टीकाकरण करने का लक्ष्य रखा गया है।

पशुपालन, डेयरी विकास एवं मत्स्य पालन मंत्री गुरमीत सिंह खुड्डियां ने बुधवार को बताया कि अब तक राज्यभर में 16,49,598 पशुओं का टीकाकरण किया जा चुका है। उन्होंने कहा कि मानसून के दौरान तेजी से फैलने वाली इस घातक बीमारी से बचाव का सबसे प्रभावी उपाय समय पर टीकाकरण है। राज्य सरकार पशुपालकों की आजीविका और पंजाब की ग्रामीण डेयरी अर्थव्यवस्था की सुरक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

उन्होंने पशुपालकों से अपील की कि वे अपने नजदीकी सरकारी पशु चिकित्सालय या पशु औषधालय में संपर्क कर बिना देरी अपने पशुओं का टीकाकरण करवायें। उन्होंने बताया कि अभियान राज्य के सभी सिविल वेटरनरी अस्पतालों और वेटरनरी डिस्पेंसरियों के माध्यम से चलाया जा रहा है, जहां एचएस वैक्सीन पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध है। उन्होंने कहा कि अधिकतम कवरेज सुनिश्चित करने के लिए विभाग ने कोल्ड-चेन व्यवस्था को मजबूत किया है तथा बाढ़ प्रभावित और संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष रैपिड रिस्पांस टीमें भी तैनात की गयी हैं।

इस बीच, पशुपालन, डेयरी विकास एवं मत्स्य पालन विभाग के प्रमुख सचिव राहुल भंडारी ने अधिकारियों को 30 जुलाई की समय-सीमा से पहले निर्धारित लक्ष्य पूरा करने के निर्देश दिये हैं। उन्होंने कहा कि फील्ड स्टाफ यह सुनिश्चित करे कि कोई भी गांव टीकाकरण अभियान से वंचित न रहे। उन्होंने बताया कि पूरे लक्ष्य को पूरा करने के लिए विभाग ने वैक्सीन का पर्याप्त भंडारउपलब्ध कराया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित