जालंधर , जुलाई 17 -- रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शुक्रवार को देश के 20 राज्यों के 75 अमृत भारत रेलवे स्टेशनों का उद्घाटन किया। उन्होंने बताया कि अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत देशभर में 1,300 से अधिक रेलवे स्टेशनों का पुनर्विकास किया जा रहा है। इनमें से 261 स्टेशन बनकर तैयार हो चुके हैं, जबकि चालू वर्ष के अंत तक 350 स्टेशन तैयार करने का लक्ष्य रखा गया है।

जालंधर में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए रेल मंत्री ने कहा कि अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत स्टेशनों का निर्माण भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखकर किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि आने वाले दशकों में यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए स्टेशनों की क्षमता बढ़ायी जा रही है। इसके तहत सेकेंड एंट्री, आधुनिक कॉनकोर्स, प्लेटफार्मों के ऊपर विशाल यात्री क्षेत्र तथा बेहतर यात्री सुविधाओं का विकास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारतीय रेलवे का अभूतपूर्व आधुनिकीकरण हो रहा है और आने वाले वर्षों में रेलवे का पूरी तरह नया स्वरूप देखने को मिलेगा।

श्री वैष्णव ने कहा कि वर्ष 2014 से पहले पंजाब के लिए रेलवे का वार्षिक बजट केवल 220-225 करोड़ रुपये के आसपास होता था, लेकिन श्री मोदी के नेतृत्व में इसे बढ़ाकर करीब 5,500 करोड़ रुपये कर दिया गया है।

उन्होंने बताया कि वर्तमान में पंजाब में करीब 30,000 करोड़ रुपये की रेलवे परियोजनाओं पर कार्य चल रहा है। अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत 1,800 करोड़ रुपये की लागत से 30 रेलवे स्टेशनों का पुनर्विकास किया जा रहा है। इनमें जालंधर कैंट, आनंदपुर साहिब, श्री मुक्तसर साहिब और मोहाली रेलवे स्टेशन का कार्य पूरा हो चुका है।

रेल मंत्री ने कहा कि पंजाब में वर्तमान में 12 वंदे भारत ट्रेन सेवाएं तथा चार अमृत भारत ट्रेन सेवाएं संचालित हो रही हैं। इसके साथ ही राज्य का रेलवे नेटवर्क 100 प्रतिशत विद्युतीकृत किया जा चुका है। उन्होंने कहा कि डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर लुधियाना से मुंबई स्थित जवाहरलाल नेहरू पोर्ट (जेएनपीटी) तक पूरी तरह तैयार हो चुका है, जिससे पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, गुजरात, महाराष्ट्र और उत्तर प्रदेश को बेहतर माल परिवहन सुविधा मिलेगी।

रेल मंत्री ने कहा कि पंजाब में औद्योगिक विकास की अपार संभावनाएं हैं। उन्होंने कहा कि लुधियाना वैश्विक विनिर्माण (मैन्युफैक्चरिंग) केंद्र, जालंधर विश्वस्तरीय खेल उद्योग हब तथा मोहाली टेक्नोलॉजी और स्टार्टअप का प्रमुख केंद्र बन सकता है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार पंजाब के प्रत्येक नागरिक तक बेहतर रेल सुविधाएं पहुंचाने और यात्रा को आसान बनाने के लिए प्रतिबद्ध है।

इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का स्वागत करते हुए कहा कि जब भी प्रधानमंत्री पंजाब आते हैं, वे कभी खाली हाथ नहीं आते, बल्कि राज्य को विकास की बड़ी सौगात देकर जाते हैं। उन्होंने कहा कि इस बार भी प्रधानमंत्री ने पंजाब को हजारों करोड़ रुपये की विकास परियोजनाएं समर्पित की हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत में आधुनिक हाईवे, रेलवे स्टेशन और हवाई अड्डों का तेजी से निर्माण हुआ है। उन्होंने कहा कि कभी जिन सुविधाओं की कल्पना भी नहीं की जाती थी, आज वे देशभर में साकार हो रही हैं।

श्री बिट्टू ने कहा कि आज भारत लगभग सात प्रतिशत की आर्थिक विकास दर के साथ दुनिया की प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं में सबसे तेज गति से आगे बढ़ रहा है, जबकि कई विकसित देशों की विकास दर इससे काफी कम है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने भारत को दुनिया की अग्रणी अर्थव्यवस्था बनाने का संकल्प लिया है और उसी दिशा मंथ लगातार कार्य किया जा रहा है। उन्होंने हाल ही में यूरोपीय देशों के साथ हुए व्यापारिक समझौतों का उल्लेख करते हुए कहा कि इनसे लुधियाना की होजरी, जालंधर के खेल सामान, बटाला की मशीनरी, बासमती चावल, सब्जियों और फूड प्रोसेसिंग उद्योग को नये निर्यात बाजार मिलेंगे। उन्होंने कहा कि इन समझौतों में किसानों के हितों की रक्षा करते हुए दुग्ध क्षेत्र को अलग रखा गया है, जिसके लिए पंजाब के किसान प्रधानमंत्री के आभारी हैं।

श्री बिट्टू ने कहा कि श्री मोदी के कार्यकाल में पंजाब के किसानों को न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) के माध्यम से 30 हजार करोड़ रुपये से अधिक का लाभ मिला है। उन्होंने कहा कि पहले एमएसपी में मामूली वृद्धि होती थी, जबकि अब किसानों को फसलों पर कहीं अधिक लाभ मिल रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में गरीबों के लिए पक्के मकान, हर घर शौचालय, मुफ्त राशन, आयुष्मान भारत के तहत मुफ्त इलाज, मुद्रा योजना, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, स्टार्टअप इंडिया, स्किल इंडिया और मेक इन इंडिया जैसी अनेक योजनाएं लागू की गयी हैं, जिनका लाभ देशभर के करोड़ों लोगों को मिल रहा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित