चंडीगढ़ , अगस्त 27 -- पंजाब को कचरा मुक्त बनाने के उद्देश्य से स्थानीय निकाय मंत्री हरजोत सिंह बैंस ने 29 अगस्त से सात सितंबर तक राज्यभर में 10 दिवसीय विशेष सफाई अभियान चलाने की घोषणा की है।
पंजाब भवन में गुरुवार को पत्रकारों से बातचीत में श्री बैंस ने कहा कि यह अभियान भगवंत मान सरकार के 'मिशन क्लीन पंजाब' को और गति देगा। अभियान में विधायक, उपायुक्त, नगर निगम आयुक्त, अतिरिक्त उपायुक्त, कार्यकारी अधिकारी और गैर-सरकारी संगठन सक्रिय रूप से हिस्सा लेंगे तथा अगले 10 दिनों तक अधिकारी और जनप्रतिनिधि हर सुबह मौके पर जाकर सफाई व्यवस्था की निगरानी करेंगे।
उन्होंने बताया कि नागरिक भी एम-सेवा ऐप के माध्यम से अपने क्षेत्र में मौजूद कचरे के संवेदनशील स्थानों की तस्वीरें अपलोड कर शिकायत दर्ज करा सकेंगे। प्रत्येक शिकायत के लिए एक यूनिक आईडी जारी होगी, जिसके जरिए लोग कार्रवाई और शिकायत के निपटारे की स्थिति को ट्रैक कर सकेंगे।
श्री बैंस ने कहा कि अमृतसर जैसे बड़े शहरों में करीब 600 और पटियाला में लगभग 450 कचरावाले स्थान चिह्नित किये गये हैं। अभियान के दौरान खुले में कचरा फेंकने वाले ऐसे स्थानों को खत्म करने के लिए विशेष प्रयास किये जाएंगे। उन्होंने कहा कि वह स्वयं भी अभियान के दौरान फील्ड में रहेंगे।
स्थानीय निकाय मंत्री ने अभियान को केवल सरकारी कार्यक्रम न मानकर जन आंदोलन बनाने की अपील की। उन्होंने सफाई कर्मचारियों के योगदान का सम्मान करने और उनकी मेहनत को बेकार न जाने देने की अपील करते हुए कहा कि सफाई कर्मचारी किसी स्थान को साफ करने के बाद चले जाते हैं, लेकिन कुछ लोग दोबारा उसी जगह कचरा फेंक देते हैं।
श्री बैंस ने कहा कि पंजाब गुरुओं और संतों की पवित्र धरती है, इसलिए इसे स्वच्छ और सुंदररखना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने लोगों से एम-सेवा ऐप डाउनलोड करने, कचरे के संवेदनशील स्थानों की जानकारी साझा करने और अपने आसपास सफाई गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी करने का आह्वान किया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित