चंडीगढ़ , अक्टूबर 17 -- पंजाब में 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों के तहत भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने राज्य स्तर पर तय रणनीति को जमीनी स्तर तक पहुंचाने की कवायद शुरू कर दी है।

पार्टी की राज्य कार्यकारिणी की संगरूर में हुई बैठक में लिए गए फैसलों और पारित प्रस्तावों को लागू करने के लिए संगठनात्मक गतिविधियां तेज की जा रही हैं।

पंजाब भाजपा के महासचिव अनिल सरीन ने शनिवार को बताया कि पार्टी राज्य में नशे, भ्रष्टाचार और अपराध जैसे मुद्दों को प्रमुखता से उठाएगी। इन मुद्दों के माध्यम से जनता तक पहुंच बढ़ाने, लोगों की समस्याएं समझने और पंजाब के भविष्य को लेकर पार्टी की नीतियों एवं विचारों से उन्हें अवगत कराने के लिए कार्यक्रम चलाए जाएंगे।

पार्टी की ओर से जारी बयान के अनुसार, 17 से 19 अक्टूबर तक भाजपा के सभी 36 संगठनात्मक जिलों में बैठकें आयोजित की जा रही हैं। इसके बाद 22, 23 और 24 अक्टूबर को मंडल स्तर पर बैठकें होंगी। इन बैठकों में नेताओं और कार्यकर्ताओं को राज्य कार्यकारिणी की बैठक में हुई चर्चा, पारित प्रस्तावों और 2027 के विधानसभा चुनाव की रणनीति की जानकारी दी जाएगी।

श्री सरीन ने कहा कि राज्य स्तर पर तय कार्यक्रमों और नीतियों को जिला, मंडल और बूथ स्तर तक पहुंचाने के लिए संगठन को सक्रिय किया जा रहा है। बैठकों के दौरान कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारियां तय की जाएंगी और जमीनी स्तर पर पार्टी की गतिविधियों को आगे बढ़ाने के लिए रूपरेखा तैयार की जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित