होशियारपुर , अक्टूबर 14 -- पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने बुधवार को होशियारपुर जिले के चब्बेवाल क्षेत्र के गांव हरखोवाल में आयोजित जनसभा के दौरान राज्य में 154 नए आम आदमी क्लीनिक लोगों को समर्पित किए। इसके साथ ही राज्य में इन क्लीनिकों की कुल संख्या 1,244 हो गई है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार का उद्देश्य नारेबाजी की राजनीति करने के बजाय लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं, बच्चों को शिक्षा और युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि आम आदमी क्लीनिकों में अब तक 6.48 करोड़ बाह्य रोगी विभाग (ओपीडी) दर्ज किए गए हैं। इन क्लीनिकों में 107 प्रकार की दवाएं और 47 तरह की जांच निःशुल्क उपलब्ध कराई जाती हैं।

श्री मान ने कहा कि इन क्लीनिकों में प्रतिदिन करीब एक लाख लोग उपचार के लिए पहुंचते हैं। अब तक 1.98 करोड़ मरीजों का इलाज किया गया है और करोड़ों जांच निःशुल्क की गई हैं। इससे लोगों को स्वास्थ्य सेवाओं पर होने वाले खर्च से राहत मिली है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि मुख्यमंत्री सेहत योजना के तहत अब तक 54.20 लाख परिवारों को स्वास्थ्य कार्ड जारी किए गए हैं। योजना के अंतर्गत प्रत्येक पात्र परिवार को 10 लाख रुपये तक के निःशुल्क उपचार की सुविधा मिलती है। उनके अनुसार, करीब आठ लाख लाभार्थी इस योजना के तहत उपचार करा चुके हैं।

स्वास्थ्य सेवाओं में कर्मचारियों की उपलब्धता का उल्लेख करते हुए श्री मान ने कहा कि स्वास्थ्य विभाग में 5,388 युवाओं को रोजगार दिया गया है। सरकार ने डॉक्टरों और पैरामेडिकल कर्मचारियों की भर्ती के माध्यम से सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों को मजबूत करने का प्रयास किया है।

मुख्यमंत्री ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि यदि विरोधी दल सत्ता में आए तो आम आदमी क्लीनिक, स्वास्थ्य योजना, महिलाओं को आर्थिक सहायता और मुफ्त बस यात्रा जैसी जनकल्याणकारी योजनाएं बंद हो सकती हैं।

इस अवसर पर स्वास्थ्य मंत्री डॉ. बलबीर सिंह, सांसद डॉ. राज कुमार चब्बेवाल, विधायक ईशान चब्बेवाल और अन्य गणमान्य व्यक्ति मौजूद थे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित