चंडीगढ़ , मई 09 -- पंजाब और चंडीगढ़ में तापमान फिर बढ़ने लगा है। शुक्रवार के मुकाबले आज अधिकतम तापमान में 0.8 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गयी, हालांकि तापमान अभी भी सामान्य से पांच डिग्री सेल्सियस नीचे बना हुआ है।
मौसम विभाग के अनुसार फिलहाल गर्म हवाओं के आसार नहीं हैं।
मौसम विज्ञान केंद्र चंडीगढ़ ने 11 से 14 मई तक पंजाब में बारिश और आंधी का यलो अलर्ट जारी किया है।
नौ और 10 मई को मौसम साफ और शुष्क रहेगा। बठिंडा राज्य का सबसे गर्म जिला रहा, जहां अधिकतम तापमान 38.1 डिग्री दर्ज किया गया।
पठानकोट में 35.8, फरीदकोट में 36.0, फाजिल्का में 36.3 और फिरोजपुर में 35.4 डिग्री तापमान रिकॉर्ड किया गया। चंडीगढ़, अमृतसर, लुधियाना, पटियाला, मोहाली और आसपास के जिलों में तापमान 32 से 34 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा।
मौसम विभाग के अनुसार पाकिस्तान और आसपास बने चक्रवाती सिस्टम तथा पश्चिमी विक्षोभ के असर से11 मई के बाद मौसम बदल सकता है। कई इलाकों में तेज हवाओं, गरज-चमक और बारिश के आसार हैं। अगले 48 घंटों में तापमान दो डिग्री सेल्सियस तक बढ़ सकता है, लेकिन बाद में तीन से चार डिग्री सेल्सियस की गिरावट आने का अनुमान हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित