लुधियाना , जून 22 -- भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने सोमवार को कहा कि पंजाब में बिगड़ती कानून-व्यवस्था, बढ़ता गैंगस्टरवाद, नशे की समस्या और युवाओं का पलायन राज्य ही नहीं बल्कि पूरे देश के लिए गंभीर चिंता का विषय बन चुका है। उन्होंने कहा कि भाजपा इन मुद्दों को आगामी विधानसभा चुनावों में प्रमुख चुनावी एजेंडा बनाएगी और राज्य में 'डबल इंजन सरकार' स्थापित करने के लिए जमीनी स्तर पर संघर्ष को और तेज किया जाएगा।
लुधियाना में आयोजित बैठक में राज्य पदाधिकारियों, वर्तमान एवं पूर्व सांसदों, विधायकों तथा जिला अध्यक्षों को संबोधित करते हुए श्री नवीन ने कहाकि जिस प्रकार पश्चिम बंगाल में भाजपा कार्यकर्ताओं ने लगातार मेहनत कर संगठन को मजबूत किया और राजनीतिक बदलाव का मार्ग प्रशस्त किया, उसी तरह पंजाब के कार्यकर्ताओं को भी पूरी ताकत के साथ काम करना होगा। उन्होंने कहा कि पंजाब भाजपा आगामी विधानसभा चुनावों में सभी 117 सीटों पर पूरी मजबूती से चुनाव लड़ने की तैयारी कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में कानून-व्यवस्था की स्थिति लगातार खराब हो रही है और भ्रष्टाचार आम लोगों के लिए बड़ी समस्या बन गया है।
श्री नवीन ने पश्चिम बंगाल का उदाहरण देते हुए कहा कि वहां 'सरकार और गुंडा संस्कृति' एक बड़ा मुद्दा बनी थी, जबकि पंजाब में 'सरकार और कॉरपोरेट गठजोड़' जैसी स्थिति उभर रही है, जहां लोगों को अपने वैध कार्य करवाने के लिए भी कथित रूप से पैसे खर्च करने पड़ते हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा इस भ्रष्ट तंत्र के खिलाफ जनसंघर्ष को और मजबूत करेगी।
भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि पार्टी संगठन का विस्तार केवल प्रदेश अध्यक्ष या संगठन महामंत्री की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि सभी नेताओं और कार्यकर्ताओं की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि भाजपा की वास्तविक ताकत उसके बूथ अध्यक्ष और जमीनी कार्यकर्ता हैं, इसलिए बूथ स्तर पर संगठन को और मजबूत करना समय की आवश्यकता है। उन्होंने नेताओं से बूथ कार्यकर्ताओं के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करने का आह्वान करते हुए कहा कि मतदान केंद्र स्तर पर मतदाताओं को जोड़ने में उनकी भूमिका सबसे महत्वपूर्ण होती है।
श्री नवीन ने कहा कि भाजपा को जल्द ही पंजाब में फैले नशे के नेटवर्क के खिलाफ बड़ा जन अभियान शुरू करना चाहिए। उन्होंने जोर देकर कहा कि नशा, गैंगस्टरवाद और स्थानीय स्तर पर फैला भ्रष्टाचार भाजपा के प्रमुख चुनावी मुद्दे होंगे।
बैठक में मौजूद सभी नेताओं ने राष्ट्रीय नेतृत्व के समक्ष पंजाब में भाजपा की संभावनाओं को लेकर विश्वास व्यक्त किया और आगामी चुनावों में पार्टी को मजबूत करने तथा जीत सुनिश्चित करने का भरोसा दिलाया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित