चंडीगढ़ , मार्च 23 -- हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि आम आदमी पार्टी की पंजाब सरकार का ईमानदारी का नकाब अब उतर चुका है और वहां की जनता वादाखिलाफी व भ्रष्टाचार से परेशान है।
मुख्यमंत्री सोमवार को हिसार में आयोजित कृषि मेले के शुभारंभ के बाद पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने कहा कि आज पंजाब की जनता हरियाणा में विकास के माहौल और जनकल्याणकारी योजनाओं की सराहना कर रही है।
उन्होंने बताया कि राज्य सरकार ने किसानों, व्यापारियों, महिलाओं और युवाओं के हित में कई योजनाएं लागू की हैं, जिनका लाभ सीधे आमजन तक पहुंच रहा है। इससे प्रदेश लगातार विकास की दिशा में आगे बढ़ रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हाल ही में व्यापारियों को राहत देने के लिए नई नीति लागू की गई है, जिससे अनावश्यक मुकदमेबाजी में कमी आई है और व्यापारिक माहौल बेहतर हुआ है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित