अमृतसर , सितंबर 19 -- पंजाब की पूर्व मंत्री लक्ष्मीकांता चावला ने अमृतसर में ड्यूटी के दौरान सहायक उप निरीक्षक (एएसआई) हरजीत सिंह की गोली मारकर हत्या किए जाने पर दुख जताते हुए पंजाब सरकार और पुलिस प्रशासन से राज्य में कानून-व्यवस्था की स्थिति को लेकर जवाबदेही तय करने की मांग की है।
प्रो चावला ने शनिवार को कहा कि ड्यूटी के दौरान मारे गए एएसआई के परिवार को सरकार की ओर से आर्थिक सहायता दिया जाना जरूरी है, लेकिन इसी घटनाक्रम में गोलीबारी में मारे गए 25 वर्षीय जोमैटो डिलीवरी कर्मी साहिल गिल के परिवार के लिए भी सहायता की व्यवस्था होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि सरकारी कर्मचारी के परिवार की तरह मजदूर, दुकानदार, चालक या डिलीवरी कर्मी का परिवार भी आर्थिक और सामाजिक सुरक्षा का हकदार है। उन्होंने सरकार से आपराधिक घटनाओं में आम नागरिकों की मौत होने पर, विशेषकर उन मामलों में जहां कानून-व्यवस्था या सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल उठते हों, पीड़ित परिवारों के लिए स्पष्ट आर्थिक सहायता नीति बनाने का आग्रह किया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित