लुधियाना , सितंबर 26 -- शिरोमणि अकाली दल (शिअद) के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल ने शनिवार को कहा कि उनकी पार्टी पंजाब में सरकार बनने के एक वर्ष के भीतर तीन लाख रिक्त सरकारी पद भरने के लिए प्रतिबद्ध है।

श्री बादल ने दाखा विधानसभा क्षेत्र के छपार मेले में आयोजित पार्टी सम्मेलन को संबोधित करते हुए यह बात कही। उन्होंने 'वारिस पंजाब दे' और उसके नेता मनप्रीत सिंह अयाली पर आम आदमी पार्टी (आप) को लाभ पहुंचाने के लिए मुख्यमंत्री भगवंत मान के साथ मिलकर पंथक वोट बांटने का आरोप लगाया। उन्होंने दावा किया कि इसी कारण 'आप' ने छपार मेले में राजनीतिक सम्मेलन आयोजित नहीं किया।

उन्होंने श्री अयाली पर अवंता ग्रीन्स कॉलोनी में कथित अनियमितताओं और भूमि पूलिंग योजना से अपनी जमीन बाहर कराने का आरोप लगाया और कहा कि सत्ता में आने पर शिअद इन मामलों में कार्रवाई करेगा।

श्री बादल ने पंजाब में अवैध रेत खनन में हजारों करोड़ रुपये के कथित घोटाले की स्वतंत्र जांच की मांग की और दावा किया कि इससे जुड़े लोग जेल जायेंगे। उन्होंने इस मामले में मुख्यमंत्री भगवंत मान समेत आम आदमी पार्टी के नेताओं पर भी आरोप लगाए। उन्होंने युवाओं के लिए 10 लाख रुपये तक का ब्याज मुक्त ऋण देने, सरकारी नौकरियां पंजाबियों के लिए आरक्षित करने और निवेश करने वाले उद्योगों में 75 प्रतिशत रोजगार पंजाबियों को देने का भी ऐलान किया।

उन्होंने 'शगुन' योजना की राशि बढ़ाकर एक लाख रुपये, वृद्धावस्था पेंशन 3,100 रुपये मासिक और 'आटा-दाल' योजना के तहत 50 किलोग्राम गेहूं देने का भी वादा किया। उन्होंने दाखा से जस्करण सिंह देओल को आगामी विधानसभा चुनाव में जिताने की अपील की।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित