चंडीगढ़ , जनवरी 15 -- पंजाब के परिवहन मंत्री लालजीत सिंह भुल्लर ने गुरुवार को कहा कि राज्य सरकार ने सरकारी बस सेवाओं में डिजिटल इलेक्ट्रॉनिक टिकटिंग मशीनों की खरीद को मंजूरी देकर सार्वजनिक परिवहन की तस्वीर बदलने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण फैसला लिया है।

श्री भुल्लर ने कहा कि इस व्यवस्था के तहत यात्री विभिन्न डिजिटल भुगतान विकल्पों के माध्यम से टिकट खरीद सकेंगे, जिनमें क्यूआर कोड आधारित भुगतान, यूपीआई, कार्ड आधारित लेन-देन और ऑफलाइन मोड शामिल हैं। यह प्रणाली प्रतीक्षा समय को कम करने, नकदी पर निर्भरता घटाने तथा शहरी और ग्रामीण दोनों मार्गों पर यात्रियों के लिए सुगम यात्रा अनुभव सुनिश्चित करने के उद्देश्य से तैयार की गई है। उन्होंने कहा कि ये मशीनें जीपीएस-सक्षम होंगी, जिससे बसों की लाइव ट्रैकिंग, नजदीकी बस स्टॉप की जानकारी और विभिन्न मार्गों पर उपलब्ध सेवाओं से संबंधित वास्तविक समय की सूचना उपलब्ध कराई जाएगी। सीटों की उपलब्धता की जानकारी और यात्रा को अधिक कुशल बनाने की सुविधा के साथ सरकारी बस सेवाओं की विश्वसनीयता में और वृद्धि होगी।

उन्होंने कहा कि सरकार की नीति के तहत महिलाओं के लिए मुफ्त बस यात्रा निर्बाध रूप से जारी रहेगी। महिला यात्रियों को मुफ्त यात्रा का लाभ लेने के लिए स्मार्ट कार्ड जारी किए जाएंगे, जो महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा और आवागमन में सुविधा सुनिश्चित करने के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता को और मजबूत करते हैं। विद्यार्थियों को भी स्मार्ट कार्ड प्रदान किए जाएंगे, जिन्हें मोबाइल एप्लिकेशन के माध्यम से ऑनलाइन रिचार्ज किया जा सकेगा, जिससे युवाओं के लिए यात्रा अधिक सुलभ और किफायती बनेगी। स्मार्ट कार्डों को मोबाइल एप के जरिए डिजिटल रूप से रिचार्ज किया जा सकेगा, जो सार्वजनिक परिवहन को आधुनिक डिजिटल बुनियादी ढांचे से जोड़ने और यात्रियों को बेहतर अनुभव प्रदान करने के सरकार के प्रयासों को दर्शाता है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित