चंडीगढ़ , मई 01 -- पहाड़ों पर बारिश और ओलावृष्टि के असर से पंजाब के मौसम में बदलाव आया है। शुक्रवार सुबह से ठंडी हवाएं चलने से लोगों को गर्मी से राहत मिली।

मौसम विभाग के अनुसार, गुरुवार को तापमान में 0.9 डिग्री की वृद्धि हुई लेकिन यह सामान्य से 2.5 डिग्री कम है। बठिंडा सबसे गर्म रहा, जहां अधिकतम तापमान 39.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

शुक्रवार को मौसम शुष्क रहने की संभावना है और किसी प्रकार का अलर्ट जारी नहीं किया गया है। हालांकि, दो मई से छह मई तक राज्य में बारिश और आंधी चलने के आसार हैं, जिसके लिए यलो अलर्ट जारी किया गया है। एक नया पश्चिमी विक्षोभ पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र को प्रभावित कर सकता है, जिससे मौसम में बदलाव आएगा।

तापमान की बात करें तो उत्तरी और पूर्वी हिस्सों में अधिकतम तापमान 34 से 36 डिग्री, मध्य क्षेत्रों में 36 से 38 डिग्री और दक्षिण-पश्चिमी हिस्सों में 38 से 40 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। पूरे सप्ताह तापमान सामान्य के आसपास रहने का अनुमान है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित