चंडीगढ़ , अक्टूबर 29 -- पंजाब के वित्त मंत्री एवं आम आदमी पार्टी (आप) के वरिष्ठ नेता हरपाल सिंह चीमा ने गुरुवारको नशों के मुद्दे पर भाजपा, अकाली दल और कांग्रेस को घेरते हुए आरोप लगाया कि इन दलों के शासनकाल में राज्य मेंनशा तस्करी और गिरोहवाद को बढ़ावा मिला।

उन्होंने कहा कि भगवंत मान सरकार नशों और संगठित अपराध के खिलाफ निर्णायक लड़ाई लड़ रही है, जबकि भाजपा पंजाब में नशे के मुद्दे पर राजनीति कर रही है।

यहां संवाददाता सम्मेलन में श्री चीमा ने आरोप लगाया कि 2007 से 2017 के दौरान अकाली दल-भाजपा सरकार के समय पंजाब में चिट्टा, अन्य नशों और गिरोहवाद का प्रसार हुआ। उन्होंने कहा कि 2017 में सत्ता में आई कांग्रेस सरकार भी अपने पांच साल के कार्यकाल में नशीले पदार्थों के सेवन की समस्या पर अंकुश लगाने में विफल रही।

श्री चीमा के अनुसार, आप सरकार ने सत्ता संभालने के बाद नशा तस्करों और गैंगस्टरों के खिलाफ कार्रवाई तेज की। उन्होंने बताया कि सरकार ने एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स गठित की और अपराधियों की गिरफ्तारी तथा अवैध हथियारों की बरामदगी के लिए अभियान चलाया। उनके मुताबिक, गैंगस्टरों और अपराध के खिलाफ कार्रवाई में 81,499 लोगों को गिरफ्तार किया गया, जबकि 2,105 घोषित अपराधियों को पकड़ा गया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने 'युद्ध नशों विरुद्ध' अभियान के तहत सीमावर्ती क्षेत्रों में निगरानी मजबूत करने के लिए ड्रोन-रोधी प्रणालियां भी शामिल की हैं।

श्री चीमा के मुताबिक, 31 मार्च 2025 से अब तक नशों से संबंधित 68,545 मामले दर्ज किए गए और करीब 90 हजार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। उन्होंने दावा किया कि इस दौरान लगभग 450 किलोग्राम हेरोइन, 23 करोड़ रुपये से अधिक की नशीली दवाओं की बिक्री से जुड़ी रकम, 67 लाख से अधिक नशीले कैप्सूल, करीब 4,200 इंजेक्शन और 84 किलोग्राम नशीला पाउडर बरामद किया गया। उन्होंने 25 अक्टूबर को प्रकाशित एक समाचार रिपोर्ट का हवाला देते हुए दावा किया कि पंजाब में नशे के इस्तेमाल में 5.5 प्रतिशत की कमी आई है, जबकि दिल्ली में 28 प्रतिशत, उत्तर प्रदेश में 18 प्रतिशत, हरियाणा में 42 प्रतिशत और मध्य प्रदेश में 51 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है। उन्होंने कहा कि ये आंकड़े आप सरकार के नहीं, बल्कि केंद्र सरकार के आंकड़ों पर आधारित हैं। उन्होंने बिहार के पुलिस महानिदेशक कुंदन कृष्णन के कथित बयान का भी उल्लेख किया, जिसमें अन्य राज्यों को नशों के खिलाफ पंजाब के प्रयासों से सीख लेने की बात कही गई थी।

श्री चीमा ने गुजरात में भाजपा के लंबे शासन का हवाला देते हुए आरोप लगाया कि वहां से देश के विभिन्न हिस्सों में नशों की आपूर्ति होती है। उन्होंने भाजपा से अपने शासन वाले राज्यों में नशों की समस्या पर जवाब देने की मांग की।उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार युवाओं को नशों से बचाने और नशा तस्करों, गैंगस्टरों तथा संगठित अपराध में शामिल लोगों के खिलाफ कार्रवाई जारी रखने के लिए प्रतिबद्ध है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित