चंडीगढ़ , मई 20 -- पंजाब में पड़ रही भीषण गर्मी के बीच महेंद्रा चौधरी जूलॉजिकल पार्क (छत्तबीड़ जू) में जानवरों और पक्षियों को राहत देने के लिए व्यापक प्रबंध किए गए हैं।
पंजाब के वन एवं वन्यजीव संरक्षण मंत्री लाल चंद कटारूचक के मार्गदर्शन में जू प्रबंधन ने विभिन्न श्रेणी के जानवरों को गर्मी से बचाने के लिए कई विशेष कदम उठाए हैं।
जू प्रशासन के अनुसार मांसाहारी जानवरों जैसे बाघ, तेंदुए, शेर, भालू और अन्य जीवों के नाइट शेल्टर में डेजर्ट कूलर और एयर सर्कुलेटर फैन लगाए गए हैं। इसके साथ ही शेल्टर को ठंडा और सूखा बनाए रखने के लिए पशु प्रबंधन सेल लगातार निगरानी कर रहा है। मच्छरों से बचाव के लिए सभी खिड़कियों को जाली से ढका गया है। जानवरों के बाड़ों और शेल्टर के कई हिस्सों में 75 प्रतिशत घनत्व वाले एग्रो नेट लगाए गए हैं, जिससे आसपास का तापमान कम रखने में मदद मिल रही है। जू में पानी की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए टैंकर और ट्रैक्टर भी हर समय तैयार रखे गए हैं।
शाकाहारी जानवरों के लिए कन्ना घास, लकड़ी और बांस से अस्थायी झोपड़ियां और शेड तैयार किए गए हैं, ताकि उन्हें तेज धूप और हीट स्ट्रोक से बचाया जा सके। हाथियों, मणिपुरी हिरण, स्वैम्प डियर और डियर सफारी क्षेत्र में मिट्टी वाले उथले तालाब बनाए गए हैं, जहां जानवर पानी और मिट्टी से राहत पा सकें। इसके अलावा कंक्रीट के जलाशयों को भी चौबीस घंटे पानी से भरा रखा जा रहा है। पक्षियों को गर्म हवाओं और तेज धूप से बचाने के लिए सभी पिंजरों को 75 प्रतिशत घनत्व वाले एग्रो नेट और जूट मैट से ढका गया है। वहीं छोटे एवियरी और पक्षी क्षेत्रों में स्प्रिंकलर शॉवर की व्यवस्था भी की गई है, ताकि पक्षियों को ठंडक मिल सके।
जू प्रशासन ने कहा कि गर्मी के मौसम में वन्यजीवों की सुरक्षा और स्वास्थ्य को प्राथमिकता देते हुए सभी आवश्यक इंतजाम लगातार किए जा रहे हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित