चंडीगढ़ , मई 03 -- हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने पंजाब के अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) समुदाय से एकजुट होने का आह्वान करते हुए दावा किया है कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) राज्य में अगली सरकार बना सकती है। उन्होंने कहा कि भाजपा सभी वर्गों को साथ लेकर चलती है और समान प्रतिनिधित्व देती है।

रूपनगर में ओबीसी समुदाय के सम्मेलन को संबोधित करते हुए श्री सैनी ने कहा कि पिछली सरकारों ने ओबीसी को सिर्फ वोट बैंक की तरह इस्तेमाल किया। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान द्वारा मजदूर दिवस पर बुलाए गए विधानसभा के विशेष सत्र पर सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा कि यह मजदूरों का मजाक है और सरकार की गरीब विरोधी मानसिकता दिखाता है। जनता ने आप को भारी जनादेश दिया था, लेकिन अब लोग सरकार के प्रदर्शन से निराश हैं।

उन्होंने कहा कि पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान बताएं कि चुनाव में किए गए कितने वादे अब तक पूरे हुए हैं। सैनी ने कहा कि ओबीसी समुदाय की बड़ी भागीदारी दिखाती है कि अब यह समुदाय अपने अधिकार, सम्मान और भविष्य को लेकर जागरूक हो रहा है। यह एकता सामाजिक और राजनीतिक बदलाव लाएगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में सामाजिक न्याय को नीति और नीयत दोनों में लागू किया गया है। भाजपा ने ओबीसी को नेतृत्व की भूमिका देकर सशक्त बनाया है। केंद्रीय मंत्रिमंडल में 27 ओबीसी मंत्री हैं और भाजपा शासित 5 राज्यों में ओबीसी मुख्यमंत्री हैं। प्रधानमंत्री के कार्यकाल में ओबीसी आयोग को संवैधानिक दर्जा मिला और मेडिकल व उच्च शिक्षा में 27 प्रतिशत आरक्षण दिया गया।

श्री सैनी ने ओबीसी समुदाय से भाजपा से जुड़कर पंजाब में पार्टी को मजबूत करने और जमीनी स्तर पर जागरूकता फैलाने की अपील की। कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद सतनाम सिंह संधू, पंजाब भाजपा कार्यकारी अध्यक्ष अश्वनी शर्मा, भाजपा संसदीय बोर्ड सदस्य इकबाल सिंह लालपुरा सहित कई नेता मौजूद रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित